पाकिस्तान में दो शख्स ने महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया
पाकिस्तान स्थित लाहौर किले में शनिवार को महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। पिछले हफ्ते भारत सरकार के जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा वापस लेने से नाराज दो शख्स ने ये हरकत की है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर ईशनिंदा कानून के तहत यह मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि महाराजा रणजीत सिंह सिख साम्राज्य के नेता थे, जिन्होंने 19 वीं शताब्दी में उपमहाद्वीप के पश्चिमोत्तर में शासन किया था। जून महीने में महाराज रणजीत सिंह की 180वीं पुण्यतिथि पर लाहौर किले में उनकी 9 फीट ऊंची मूर्ति लगाई गई थी। यह मूर्ति कोल्ड ब्रोंज धातू से बनाई गई है,
जिसमें महाराजा रणजीत सिंह हाथ में तलवार लिए सिख पोशाक में घोड़े पर बैठे नजर आ रहे थे। पुलिस ने दोनों शख्स के खिलाफ ईशनिंदा कानून के तहत केस दर्ज कर अपनी हिरासत में ले लिया है। ये दोनों शख्स भारत सरकार के उस फैसले से नाराज थे, जिसमें जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 हटाकर विशेष राज्य का दर्जा वापस ले लिया गया है। जानकारी के मुताबिक संदिग्ध कट्टरपंथी मौलाना खादिम रिजवी के तहरीक-लब्बैक पाकिस्तान (Tehreek-Labbaik Pakistan) से ताल्लुक रखने वाले हैं। लाहौर किले की देखरेख का जिम्मा निभाने वाले अर्ध सरकारी संगठन वाल्ड सिटी ऑफ लाहौर अथॉरिटी ने ईद के बाद प्रतिमा को जल्द से जल्द ठीक कराने की बात कही है। वाल्ड सिटी ऑफ लाहौर अथॉरिटी की प्रवक्ता तानिया कुरैशी ने पीटीआई को बताया कि यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को होने से रोकने के लिए किले की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। प्रतिमा को अगले हफ्ते तक दोबारा ठीक करा लिया जाएगा। एक बार सबकुछ पहले जैसा हो जाने पर इसे आम लोगों के देखने के लिए खोल दिया जाएगा।




