घर में नहीं दाने, पाकिस्तान चला युद्ध भड़काने
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किए जाने के मोदी सरकार के फैसले के बाद से पाकिस्तान लगातार भारत को युद्ध की धमकियां दे रहा है | गुरुवार को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिट इंडिया का मंत्र दे रहे थे तो दूसरी तरफ पाकिस्तान गजनवी मिसाइल का परीक्षण कर दुनिया का ध्यान खींचने की कोशिश कर रहा था | पाकिस्तान के पीएम इमरान खान खुद कई बार परमाणु युद्ध की धमकी दे चुके हैं | मंगलवार को पाकिस्तान के विज्ञान एवं तकनीक मंत्री फवाद चौधरी ने ट्विटर पर लिखा कि इमरान खान भारत के लिए एयरस्पेस पूरी तरह से बंद करने पर विचार कर रहा है | ट्विटर पर पाकिस्तानियों ने भारतीय उत्पादों का बहिष्कार कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने की भी अपील की. हालांकि, पाकिस्तान भारत को आर्थिक रूप से चोट पहुंचाने की धमकी ऐसे समय में दे रहा है जब उसकी अपनी अर्थव्यवस्था बेहद बुरे दौर से गुजर रही है | पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान कश्मीरियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कश्मीरी ऑवर का आयोजन करवा रहे हैं और आधे घंटे के लिए सारा कामकाज रोककर सड़कों पर उतरने की अपील कर रहे हैं जबकि देश की अर्थव्यवस्था में एक रुपए का राजस्व खोने की क्षमता नहीं बची है |
पाकिस्तानी पत्रकार गुल बुखारी ने कश्मीरी ऑवर बुलाए जाने पर तंज किया, आईएमएफ (अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष) बहुत खुश होगा क्योंकि मंत्री हर सप्ताह आधा घंटे के लिए सारा कामकाज रोकने का आदेश दे रहे हैं | इससे हमारी उत्पादकता बढ़ेगी, हमारा राजस्व बढ़ेगा और हम आईएमएफ का कर्ज लौटा सकेंगे | पाकिस्तान की सेना भारतीय सेना के आगे कहीं नहीं टिकती है लेकिन आर्थिक मोर्चे पर भी उसकी हालत ऐसी नहीं है कि वह जंग की धमकियां दे | पाकिस्तान की सरकार बजट घाटे की समस्या से जूझ रही है |
पाकिस्तान की सरकार लगातार कर्ज ले रही है लेकिन उसके राजस्व में बढ़ोतरी नहीं आई है | ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान का बजट घाटा जीडीपी का 8.9 फीसदी तक पहुंच गया है जो पिछले तीन दशकों में सबसे अधिक है | कमजोर अर्थव्यवस्था की वजह से पाकिस्तान की मुद्रा की विनिमय दर भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है | मई महीने में पाकिस्तानी रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 140 के स्तर पर था और इसी सप्ताह डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपए की कीमत 157 पहुंच गई थी | पाकिस्तान अपने अस्तित्व को बचाने के लिए कर्ज लेने का आदी हो चुका है | मार्च 2019 में पाकिस्तान का कुल कर्ज 85 अरब डॉलर (6 लाख करोड़) से ज्यादा पहुंच चुका है | चीन से लेकर सऊदी अरब तक से पाकिस्तान ने कर्ज ले रखा है | पाकिस्तान की इस आर्थिक बदहाली के लिए जिम्मेदार उसकी अपारदर्शी राजनीतिक व्यवस्था ही है जो सेना के इशारे पर चलती है | आर्थिक संकट के बीच पाकिस्तान के राजनेता अब भी भारत के खिलाफ जंग की धमकियां देने और आत्मघाती विरोध-प्रदर्शन करवाने में व्यस्त हैं |



