हाउडी मोदी इवेंट में पीएम से मिलेंगे डोनाल्ड ट्रम्प, मोदी ने किया ट्वीट
अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में 22 सितंबर को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'हाउडी मोदी' रैली को संबोधित कर रहे होंगे तो अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप भी उनके साथ होंगे।जी हां, वाइट हाउस ने रविवार देर रात इस बात की पुष्टि कर दी है। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा क्योंकि इतिहास में यह पहली बार है जब भारतीय समुदाय के 50 हजार से ज्यादा लोगों को दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के नेता एक साथ संबोधित करेंगे। उधर, मोदी और ट्रंप की यह जुगलबंदी पड़ोसी देश पाकिस्तान के लिए किसी झटके से कम नहीं है, जो कश्मीर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति से मध्यस्थता की रट लगा रहा है।
इस पर पीएम मोदी(Modi) ने ट्वीट कर कहा कि '@POTUS द्वारा यह कदम भारत और अमेरिका के बीच विशेष मित्रता को दर्शाता है! मुझे यह जान कर बहुत ख़ुशी हो रही है की 22 तारीख को ह्यूस्टन के सामुदायिक कार्यक्रम में मेरे साथ US के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प(Donald Trump) भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में उनका स्वागत करने के लिए भारतीय मूल के समुदाय के साथ मैं भी रहूँगा।'
A special gesture by @POTUS, signifying the special friendship between India and USA!
Delighted that President @realDonaldTrump will join the community programme in Houston on the 22nd.
Looking forward to joining the Indian origin community in welcoming him at the programme.
ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में होनेवाले इस मेगा इवेंट में 50 हजार से ज्यादा इंडो-अमेरिकन लोगों के आने की संभावना है। इतने रजिस्ट्रेशन अबतक हो चुके हैं।ऐसा पहली बार होगा कि यूएस में कोई अमेरिकी राष्ट्रपति एकसाथ हजारों इंडो-अमेरिकन नागरिकों को संबोधित करेगा। यूएस में भारतीय राजदूत हर्ष वर्धन ने इस इवेंट को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया है। आपको बता दें कि 'हाउडी' शब्द अंग्रेजी के 'हाउ डू यू डू' का शॉर्ट फॉर्म है। साउथ वेस्ट यूएस में यह शब्द काफी चलता है।
ट्रंप और मोदी के बीच की केमिस्ट्री कमाल की है। अधिकारी बताते हैं कि निमंत्रण मिलने के तुरंत बाद ट्रंप ने इसके लिए हामी भर दी थी। यह दोनों के बीच की इस साल की तीसरी मीटिंग होगी। मोदी और ट्रंप पिछले ही महीने फ्रांस में जी-7 समिट के दौरान मिले थे। भारत जी-7 का हिस्सा नहीं है लेकिन मोदी को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने विशेष अतिथि के रूप में बुलाया था।


