पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बारिश का कहर
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश की वजह से आयी बाढ़ में कम-से-कम 16 लोगों की मौत हो गयी | एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी | पिछले छह दिनों से लगातार हो रही बारिश ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुछ हिस्सों में कहर बरपाया है | प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है और 30 अन्य घायल हो गए हैं |

प्रवक्ता ने बताया कि बारिश के कारण 12 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए और 25 अन्य आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए | अधिकारी ने कहा कि पीडीएमए के प्रमुख ने बाढ़ से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा राशि देने का निर्देश दिया है | पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बारिश और बाढ़ से राहत के कोई आसार नहीं हैं | इसके साथ ही इस्लामाबाद, रावलपिंडी, गुजरांवाला, सरगोधा, फैसलाबाद, मुल्तान तथा बहावलपुर में अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने का अनुमान है |




