पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की एक नई चाल
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान एक नई चाल चल रहे हैं | वो पाकिस्तान के हिंदुओं के बीच जाकर जनसभा को संबोधित करेंगे और उन्हें कश्मीर पर अपने रुख से अवगत कराएंगे | इस जनसभा के माध्यम से इमरान दुनिया के सामने पाकिस्तान के अल्पसंख्यक समुदायों के साथ एकजुटता को दिखाना चाहता हैं | इस दौरान वो सिंध के थरपरकर जिले में स्थित शिव मंदिर का भी दौरा करेंगे | इमरान खान सिंध में हिंदुओं की ठीक-ठाक आबादी वाले इलाके उमरकोट का 31 अगस्त को दौरा करेंगे | वहां वो कश्मीर पर जनसभा को संबोधित करेंगे | इमरान के साथ इस जनसभा को विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और उनके दूसरे मंत्री भी संबोधित करेंगे | पाकिस्तान में सत्ता पर काबिज़ पाकिस्तान तहरीके इंसाफ पार्टी के सांसद लालचंद माल्ही ने लोगों से एक विडियो संदेश जारी कर अपील की है कि प्रधानमंत्री इमरान खान हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों को एक साथ लाना चाहते हैं | उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर इस जनसभा को सफल बनाने के लिए कहा है | पाक मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक इस जनसभा का लक्ष्य दुनिया को ये संदेश देना है कि पाकिस्तान में हिंदू और दूसरे अल्पसंख्यक पूरी तरह से सुरक्षित हैं और वे पूरी तरह से कश्मीरियों के साथ हैं | पिछले दिनों पाकिस्तान में हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं | लगातार तेजी के साथ पाकिस्तान में हिंदुओं की जनसंख्या घट रही है |




