भारत ने पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मजबूत पकड़ बना ली
मेजबान भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ (India vs South Africa) पहले टेस्ट मैच में मजबूत पकड़ बना ली है | उसने मैच के दूसरे दिन सात विकेट पर 502 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी | इसके बाद जल्दी-जल्दी उसके तीन विकेट भी झटक लिए | दक्षिण अफ्रीका की टीम अभी भारत के स्कोर से 463 रन पीछे है और उसके सिर्फ सात विकेट बाकी हैं | भारत की ओर पहली पारी में ओपनर मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) ने दोहरा शतक बनाया | उन्होंने 215 रन की पारी खेली | रोहित शर्मा (176) ने भी शानदार शतक बनाया | रोहित शर्मा (Rohit Sharma) थोड़े बदकिस्मत रहे और 24 रन से दोहरा शतक चूक गए | मयंक और रोहित ने पहले विकेट के लिए 317 रन की साझेदारी की |
यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का भारतीय रिकॉर्ड है | भारत के अन्य बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं कर पाए | मयंक और रोहित के बाद रवींद्र जडेजा ने सबसे अधिक रन बनाए | वे 30 रन बनाकर नाबाद रहे | ऋद्धिमान साहा 21, विराट कोहली 20, अजिंक्य रहाणे 15, हनुमा विहारी 10 और चेतेश्वर पुजारा छह रन बनाकर आउट हुए | रविचंद्रन अश्विन एक रन बनाकर नाबाद रहे | दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए | वेर्नोन फिलेंडर, डेन पीट, सेनुरन मुथुसामी और डीन एल्गर को एक-एक विकेट मिला |
भारतीय बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी दम दिखाया | अफ्रीकी टीम को पहला झटका रविचंद्रन अश्विन ने दिया | उन्होंने एडेन मार्करम (5) को क्लीन बोल्ड किया | भारत को दूसरी कामयाबी भी अश्विन ने ही दिलाई | उन्होंने डि ब्रुईन (4) को विकेटकीपर साहा के हाथों कैच करवाया | इसके बाद रवींद्र जडेजा ने डेन पीट (0) को खाता भी नहीं खोलने दिया | दिन का खेल खत्म होने के समय ओपनर डीन एल्गर (27) और उप कप्तान तेम्बा बावूमा (2) क्रीज पर मौजूद थे |



