आयरलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने किया सरेंडर
लॉर्ड्स में आयरलैंड के खिलाफ चार दिवसीय टेस्ट मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया | इंग्लैंड की टीम सिर्फ 85 रनों पर ऑल आउट हो गई | इंग्लैंड ने अपने पहले पांच विकेट सिर्फ 23 गेंदों में गंवा दिए | लॉर्ड्स की गेंदबाजों की मददगार पिच का सबसे ज्यादा फायदा उठाया 37 साल के तेज गेंदबाज टिम मर्टा ने, जिन्होंने इंग्लैंड के पांच बल्लेबाजों का शिकार किया | मर्टा के अलावा मार्क एडेर ने 3 और रैंकिन ने 2 विकेट झटके | इंग्लैंड का पहला ही विकेट तीसरे ओवर में गिर गया | टेस्ट डेब्यू करने वाले जेसन रॉय महज 5 रन बनाकर मर्टा का पहला शिकार बने | जो डेनली ने तेजी से 28 गेंद में 23 रन बनाए लेकिन वो भी एडेर का शिकार हो गए | इसके बाद तो जैसे इंग्लैंड के बल्लेबाजों के आउट होने की झड़ी सी लग गई | रॉरी बर्न्स 6, जो रूट 2 रन बनाकर आउट हुए | बेयरस्टो, वोक्स और मोइन अली तो खाता भी नहीं खोल पाए | मर्टा ने 15वें ओवर में मोइन अली को आउट कर अपने पांच विकेट पूरे किए |
ये उनके टेस्ट करियर का पहला फाइव विकेट हॉल है | इसके बाद आयरलैंड ने इंग्लैंड को निपटाने में ज्यादा देर नहीं की और महज 142 गेंद खेलकर वो ऑल आउट हो गई | इंग्लैंड की टीम ने पहली बार अपने घर पर इतनी कम गेंद खेलकर सरेंडर किया है | ये घरेलू मैदान पर गेंदों के लिहाज से उसकी सबसे छोटी पारी है | इससे पहले 1995 में इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में सिर्फ 180 गेंद खेलकर ऑल आउट हो गई थी | आपको बता दें इंग्लैंड की टीम आयरलैंड के खिलाफ पहले ही सेशन में ऑल आउट हो गई | पिछले 38 टेस्ट मैचों में उसके साथ ऐसा चार बार हो चुका है |







