सचिन तेंदुलकर को एक और बहुत ही बड़े सम्मान से नवाज़ा गया
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को एक और बहुत ही बड़े सम्मान से नवाज़ा गया है | आईसीसी ने गुरूवार को सचिन को क्रिकेट में उनके अभिन्न योगदान के लिए आईसीसी हॉल ऑफ़ फेम में शामिल किया | इनके अलावा साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ एलन डोनल्ड और ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट आइकॉन कैथरीन फ़िज़पैट्रिक को भी इस सम्मान से नवाज़ा गया है | तेंदुलकर सिर्फ छठे भारतीय खिलाड़ी बने जिन्हे हॉल ऑफ़ फेम में शामिल किया गया है | आईसीसी के नियमों के अनुसार, किसी खिलाड़ी को हॉल ऑफ़ फेम में तभी शामिल किया जा सकता है, जब उसे अपना रिटायरमेंट लिए हुए कम से कम 5 साल हो गए हों |
तेंदुलकर, जिन्होंने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 1989 में किया था, उन्होंने 2013 में क्रिकेट को अलविदा कहा और इसलिए उन्हें इस सम्मान का हकदार बनने के लिए 2018 के ख़त्म होने का इंतज़ार करना पड़ा | सचिन के लाजवाब करियर में ये सम्मान एक और सितारे के रूप में जुड़ गया है | भारत की तरफ से 3 और क्रिकेटर जिन्हे ये सम्मान मिल चुका है, वे बिशन सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, और कपिल देव हैं | भले ही तीनों ने बहुत पहले रिटायरमेंट ले लिया था, लेकिन तीनों को 2009 में हॉल ऑफ़ फेम में शामिल किया गया | बेदी ने 1979 में, गावस्कर ने 1987 में और कपिल ने 1994 में संन्यास ले लिया था | अब तक कुल 87 खिलाड़ी आईसीसी के हॉल ऑफ़ फेम में शामिल किए जा चुके हैं | इंग्लैंड के सबसे ज़्यादा, 28 तो वहीं ऑस्ट्रेलिया के 26 खिलाड़ी अब तक इस सम्मान से नवाज़े जा चुके हैं | इनके अलावा वेस्ट इंडीज के 18, पाकिस्तान के पांच, न्यूज़ीलैंड और साथ अफ्रीका के तीन और श्रीलंका का एक खिलाड़ी शामिल हैं |

