दीप्ति शर्मा ने एक स्पेशल रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया
दीप्ति शर्मा ने अपनी घातक गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका को पहले रोमांचक टी-20 मुकाबले में मंगलवार (24 सितंबर) को 11 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 43 रन की आक्रामक पारी खेली | इन दोनों की बदौलत भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पहले रोमांचक टी-20 मुकाबले में हराया | इस मैच में दीप्ति शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए एक स्पेशल रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। दीप्ति शर्मा ने मात्र 8 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। दीप्ति ने चार ओवर फेंके, जिसमें से पहले तीन ओवर मेडन रहे। इसी के साथ दीप्ति शर्मा ऐसी पहली भारतीय गेंदबाज बन गई हैं, जिन्होंने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन ओवर मेडन फेंके हैं। यह दीप्ति के टी-20 करियर का बेस्ट स्पैल रहा।
दीप्ति ने पहला रन अपने स्पैल की 19वीं गेंद पर दिया। भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा के अलावा मध्यम गति की गेंदबाज शिखा पांडे ने 18 रन देकर दो, लेग स्पिनर पूनम यादव ने 25 रन देकर दो और बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने 29 रन देकर दो विकेट लिए। भारत ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 130 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने के बाद दक्षिण अफ्रीका को 19.5 ओवर में 119 रन पर रोककर रोमांचक जीत हासिल की। हरमनप्रीत कौर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला। भारतीय पारी में कप्तान हरमनप्रीत ने 34 गेंदों पर 43 रन में तीन चौके और दो छक्के लगाए। ओपनर स्मृति मंधाना ने 16 गेंदों में चार चौकों की मदद से 21, जेमिमा रोड्रिग्स ने 25 गेंदों पर तीन चौकों के सहारे 19 रन, दीप्ति शर्मा ने 16 गेंदों में दो चौकों की मदद से 16 रन, वेदा कृष्णामूर्ति ने 10 रन और तान्या भाटिया ने नाबाद 11 रन बनाए।



