अनु मलिक, आलोक नाथ, साजिद खान के लिए यशराज स्टूडियो के दरवाजे बंद
अब थोड़ा पीछे चलते हैं | पिछले साल अक्टूबर-नवंबर महीने के दौरान मी टू मूवमेंट चला था | बहुत सारी लड़कियों ने सामने आकर अपने साथ हुए यौन शोषण के बारे में बात की थी | बड़े-बड़े नामी लोगों पर सेक्सुअल हैरेसमेंट के आरोप लगे थे | सोना महापात्रा और सिंगर श्वेता पंडित ने भी अनु मलिक पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे | उसके बाद भी कई महिलाओं ने अपना एक्सपीरियंस शेयर किया था, और अनु के ऊपर आरोप लगाए थे | इन आरोपों के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अनु मलिक को सज़ा मिलेगी, लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं | उल्टा ये खबर आ गई कि अनु मलिक एक बार फिर इंडियन आइडल में जज बनेंगे | भले ही इंडियन आइडल ने अनु मलिक के ऊपर लगे आरोपों को भुला दिया हो, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में ही एक ऐसी जगह है, जो इन आरोपों को नहीं भूलने वाली | वो जगह है यशराज स्टूडियो |
डेक्कन क्रोनिकल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनु मलिक को यशराज स्टूडियो के अंदर घुसने की परमिशन नहीं है | उनके ऊपर बैन लगा है | रिपोर्ट के मुताबिक, यशराज स्टूडियो के सोर्स ने इस बारे में बताया | ये बताया गया कि, अनु मलिक को यशराज स्टूडियो के गेट के अंदर घुसने की परमिशन नहीं है | स्टूडियो की एक पॉलिसी है, जिसे वो किसी के लिए नहीं बदल सकते | पॉलिसी ये है कि वो ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ ही रहते हैं, जिनके ऊपर सेक्सुअल हैरेसमेंट के आरोप लगे हों | पिछले साल उन्होंने अपने एक सीनियर एक्सक्यूटिव आशीष पटेल को बरखास्त कर दिया था, क्योंकि उसके ऊपर सेक्सुअल हैरेसमेंट के आरोप लगे थे | मीटू मूवमेंट में आलोक नाथ और साजिद खान के ऊपर भी आरोप लगे थे | रिपोर्ट के मुताबिक इन दोनों पर भी यशराज स्टूडियो ने बैन लगा रखा है | ये दोनों भी यशराज स्टूडियो में नहीं घुस सकते |

