फिल्म ‘जजमेंटल है क्या’अब पोस्टर विवाद में फंसती दिख रही
बॉलीवुड एक्ट्रैस कंगना रनौत अपनी फिल्म ‘जजमेंटल है क्या’ की शानदार ओपनिंग के लिए 'थैंक-यू' बोल रही हैं तो दूसरी तरफ उनकी फिल्म विवादों में फंसती दिख रही है | पहले टाइटल विवाद तो अब पोस्टर विवाद | हंगरी की एक आर्टिस्ट ने ‘जजमेंटल है क्या’ के फिल्म मेकर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं | हंगरी की फोटोग्राफर फ्लोरा बोरसी ने फिल्म मेकर्स पर चोरी करने का आरोप लगाया है | विज्युअल आर्टिस्ट फ्लोरा बोरसी का आरोप है कि ‘जजमेंटल है क्या’ के प्रोड्यूसर्स ने उनका पोस्टर और लुक चोरी किया है | अपने ट्विटर हैंडल पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए फ्लोरा बोरसी ने अपनी पोस्ट को फिल्म की प्रोड्यूसर एकता कपूर और उनके प्रॉडक्शन हाउस को टैग करते हुए लिखा - इस मूवी के पोस्टर ने मेरी कला को चोरी किया |
क्या मुझे कोई बता सकता है कि क्या हो रहा है? यह बिल्कुल भी सही नहीं है | दरअसल 'जजमेंटल है क्या' के एक पोस्टर में कंगना के चेहरे के साथ एक काली बिल्ली के चेहरे को दिखाया गया है | ठीक इसी तरह का पोस्टर फ्लोरा ने भी शेयर किया | देखने में दोनों पोस्टरों में कलाकारी एक सी है | लेकिन बात मौलिकता की होगी तो उसी को क्रेडिट दिया जाएगा जिसने इसे पहले बनाया | फिलहाल इस पोस्टर वॉर पर एकता कपूर और कंगना रनौत की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई है लेकिन फ्लोरा बोरसी ने सोशल मीडिया पर इस पोस्टर को पोस्ट कर लोगों को जजमेंट देने का मौका तो दे ही दिया | फ्लोरा ने राजकुमार राव के ट्वीट को भी रिट्वीट किया, जिसमें कंगना के चेहरे पर काली बिल्ली के चेहरे वाले पोस्टर को शेयर किया गया है | साथ ही एक फेसबुक पोस्ट के जरिए भी फ्लोरा ने अपने फॉलोअर्स और दोस्तों से दोनों पोस्टरों में समानताएं बताने की अपील की है |





