मशहूर रैप सिंगर हनी सिंह को पंजाब राज्य महिला आयोग ने नोटिस भेजी
मशहूर रैप सिंगर हनी सिंह को पंजाब राज्य महिला आयोग ने नोटिस जारी किया है | आयोग ने हनी सिंह को उनके नए गीत 'मखना' में महिलाओं को लेकर इस्तेमाल किए गए विवादित शब्दों को लेकर नोटिस जारी किया है | गीतों में महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर हनी सिंह अक्सर निशाने पर रहते हैं | पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी के मुताबिक, इस गीत में हनी सिंह ने खुद को 'वूमेनाइजर' बताते हुए महिलाओं और उनके चरित्र को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की हैं | इसी वजह से हनी सिंह को नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है | अपने कमबैक गीत 'मखना' के साथ यो यो हनी सिंह एक बार फिर अपना जादू बिखेरने में कामयाब रहे हैं, जिसे दुनिया भर से शानदार प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है और यूट्यूब पर गाने ने तहलका मचा दिया था | 21 दिसंबर को टी-सीरीज़ के तहत रिलीज़ किया गया 'मखना' दर्शकों के बीच धूम मचाने में कामयाब रहा था |
हाल ही में इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री में सफलता के चरम पर पहुंचने वाले यो यो हनी सिंह को नशे की लत से जूझने के साथ साथ पहली बार फ्लॉप गानों का भी सामना करना पड़ा और वो दौर आया जब वो भारी डिप्रेशन में चले गए | लेकिन अब वो वापसी का मन बना चुके हैं जिसके चलते उनका एक गाना 'मखना' बीते साल दिसंबर में रिलीज हुआ | हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान हनी ने लिए गए ब्रेक और उस दौर को साझा किया | इंटरव्यू में हनी ने बताया - जिस वक्त मैं ब्रेक पर था उस दौरान मैं किसी भी तरह का म्यूजिक कम्पोज़ नहीं कर पा रहा था | ऐसे दौर में मेरे परिवार ने मेरा काफी सपोर्ट किया, जिसकी वजह से मैं एक बार फिर अपने फैन्स के बीच हाजिर हो सका | बातचीत आगे बढ़ाते हुए हनी कहते हैं कि मेरी जिन्दगी में मुझे मेरी पत्नी शालिनी का भी बेहद सपोर्ट मिला | उन्होंने बताया कि जिस वक्त वो डिप्रेशन में धंसते जा रहे थे उस वक्त शालिनी ही थीं जिन्होंने उन्हें ऐसे मुश्किल दौर से बाहर निकलने में सबसे ज्यादा मदद की |


