कश्मीर में बढ़े तनाव के बीच अब बाबा रामदेव ने दिया बड़ा बयान
जम्मू-कश्मीर में लगातार बिगड़ रहे हालात को देखते हुए एक एडवाइजरी जारी कर घाटी खाली करने का आदेश दिया गया है | कश्मीर में बढ़े तनाव के बीच अब बाबा रामदेव ने कहा है कि आजादी के बाद से जिसका हर किसी को इंतजार था अब वो होने वाला है | देश की एकता के लिए जरूरी है कि कश्मीर से धारा 370 खत्म की जाए | उन्होंने कहा कि हमें गृहमंत्री अमित शाह पर पूरा भरोसा है | जम्मू कश्मीर हमेशा से हमारा था और हमारा ही रहेगा | हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि कश्मीर में आजादी के बाद से चली आ रही धारा 370 समाप्त होनी चाहिए | उन्होंने कहा कि धारा 370 समाप्त करने की दिशा में हमेशा उनका समर्थन रहा है और हमेशा रहेगा | उन्होंने कहा कि कश्मीर के बैठकर देश का अपमान करने वालों को देश छोड़ना ही होगा | रामदेव ने कहा कि कश्मीर में बैठकर भारत के तिरंगे का अपमान करने वाले और पाकिस्तान से मिले फंड से भारतीय सेना पर हमला करने वालों को अब सबक सिखाने का समय आ गया है | भारतीय सेना ऐसे आतंकियों को जिंदा नहीं छोड़ेगी | जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि 'हमने इस देश के लोगों और सरकार को यह बताने का प्रयास किया कि अगर वे 35A, 370 के साथ खिलवाड़ करते हैं तो क्या परिणाम हो सकता है | हमने एक अपील भी की, लेकिन केंद्र की ओर से अभी तक कोई आश्वासन नहीं दिया गया है | मुफ्ती ने कहा कि 'यहां के राजनीतिक दलों ने आज एक होटल में एक बैठक आयोजित करने का फैसला किया था लेकिन पुलिस ने सभी होटलों को एक एडवाइजरी जारी की है कि वे राजनीतिक दलों को होटलों में कोई बैठक न करने दें | इसलिए हम आज शाम 6 बजे अपने घर पर एक बैठक कर रहे हैं |

