सुष्मा स्वराज पर लोगों ने ऐसे दी अपनी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली: भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का 67 वर्ष की आयु में दिल्ली के एम्स अस्पताल में मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रही थी। उनका कुछ समय पहले किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। सुषमा स्वराज के निधन के बाद देशभर में शौक की लहर है। कल रात से ही सुषमा स्वराज के घर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए देश दुनिया की बड़ी हस्तियां पहुंच रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुषमा स्वराज के निधन को निजी क्षति बताया और कहा कि यह देश उन्हें हमेशा याद करेगा। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात नई दिल्ली के एम्स में निधन हो गया।सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर अभी उनके आवास पर रखा है, जहां श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा है। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और योग गुरु रामदेव भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
केजरीवाल, सिसोदिया ने दी श्रद्धांजलि-दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सुषमा स्वराज के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।सुषमा स्वराज के निधन पर दिल्ली सरकार ने दो दिनों के शोक का एलान किया है. इस दौरान दिल्ली में कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा। इसके अलावा अन्य सरकारी कारोबार और कार्यक्रम जिसमें इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में होने वाला आंगनवाड़ी कार्यक्रम भी शामिल है, अपने तय समय के मुताबिक ही होंगे।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम, मुलायम सिंह यादव पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी।भावुक हुए रामगोपाल यादव समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव सुषमा स्वराज को श्रद्दांजलि देते वक़्त भावुक हो गए।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख, मायावती, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को दिल्ली में उनके निवास पर अंतिम सम्मान देनें पहुंची।
रूसी विदेश मंत्रालय ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया है। आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया। "हमारे मित्र देश की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के असमय निधन पर हमारी संवेदनाएं भारत के लोगों के साथ हैं।"
सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा है, "सुषमा जी एक शानदार इंसान थीं, अपने व्यवहार और गर्मजोशी से वो सबका दिल जीत लेती थीं, मुझे एक भी साल ऐसा याद नहीं जब मेरे जन्मदिन पर वो मेरा पसंदीदा चॉकलेट केक लेकर न आई हों।"


