रेलवे ने वेटिंग की किचकिच को देखते हुए ये बदलाव करने का फैसला किया
यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है | इस फैसले के तहत, अब ट्रेनों में लगने वाले जनरेटर को हटा लिया जाएगा | भारतीय रेलवे, जनरेटर की जगह पैसेंजर कोच लगाएगी, जिससे वेटिंग टिकट पाने वाले यात्रियों को ट्रेन में सीट उपलब्ध कराई जा सके | सूत्रों के अनुसार, फिलहाल भारतीय रेलवे ने 500 ट्रेनों से जनरेटर हटाने का फैसला किया है | मौजूदा समय में हर ट्रेन में दो जनरेटर होते है | फैसले के तहत, पहले चरण में ट्रेनों से एक जनरेटर को हटा लिया जाएगा, जबकि बिना नॉइज वाला दूसरा जनरेटर ट्रेनों में लगा रहेगा |

भारतीय रेलवे के इस फैसले से 500 ट्रेनों में करीब 20 हजार अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराई जा सकेंगी | इस फैसले से रेलवे को हर साल करीब 800 करोड़ रुपए की बचत होगी | साथ ही, वेटिंग टिकटों की बढ़ती सूची को इन अतिरिक्त सीटों की मदद से छोटा किया जा सकेगा | इस योजना को लेकर भारतीय रेलवे का मकसद यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा मुहैया कराना है | जल्द ही इस फैसले पर अमल करते हुए ट्रेनों से जनरेटर हटाने का काम शुरू हो जाएगा |




