ICC को झुकाने के लिए सौरव गांगुली ने बनाया ये नया प्लान
बीसीसीआई (BCCI) और इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (England and Wales Cricekt Board) मिलकर आईसीसी (ICC) के खिलाफ लड़ेंगे | इसके तहत आईसीसी की प्रशासनिक सुधार, वित्तीय ढांचे और 2023 से लेकर 2031 तक के भविष्य के दौरे के कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा | माना जाता है कि दोनों बोर्ड को यह भरोसा है कि वे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) को भी अपने साथ ले लेंगे | ऐसे में माना जा रहा है कि क्रिकेट में एक बार फिर से 'बिग 3' का दबदबा बढ़ने वाला है | इंडियन एक्सप्रेस ने बीसीसीआई के एक अधिकारी के हवाले से लिखा है - बीसीसीआई और ईसीबी की काफी अच्छी मीटिंग हुई | दोनों साथ हैं | आईसीसी में जो भी हो रहा है उसके बारे में ईसीबी भी वैसे ही सोचता है जैसे हम सोचते हैं | वे भी खुश नहीं हैं और हम भी नहीं हैं |
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के भी जल्द ही हमारे साथ आने की उम्मीद है | लंदन में पिछले दिनों बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिव जय शाह व कोषाध्यक्ष अरुण धूमल और ईसीबी के चेयरमैन कोलिन ग्रेव्ज व उनकी टीम के बीच मुलाकात हुई थी | इसमें आईसीसी के प्रस्तावित बदलावों को खारिज करने पर सहमति बनी थी | रिपोर्ट में कहा गया है - तीनों महत्वपूर्ण क्रिकेट बोर्ड नजरअंदाज किए जा रहे हैं | कोई भी इसे स्वीकार नहीं कर रहा है | बीसीसीआई विश्व क्रिकेट में अपनी स्थिति जानता है और वह अपनी प्रतिष्ठा फिर से स्थापित करेगा | और तीनों बोर्ड विश्व क्रिकेट के फायदे के लिए काम करेंगे | बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली अगले महीने भारत ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज के दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन अर्ल एडिंग्स व उनकी टीम से मुलाकात करेंगे | भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज की शुरुआत 14 जनवरी से होगी | इस बैठक के दौरान भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डे नाइट टेस्ट खेलने पर भी बातचीत हो सकती है | भारत नवंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा होगा | शशांक मनोहर के आईसीसी अध्यक्ष बनने के बाद बीसीसीआई और आईसीसी की तकरार बढ़ी है | मनोहर के कामकाज संभालने के बाद आईसीसी ने बिग 3 मॉडल को समाप्त कर दिया जिससे बीसीसीआई का राजस्व 570 मिलियन डॉलर से घटकर 400 मिलियन डॉलर रह गई | इस फैसले पर काफी असंतोष रहा | आईसीसी की कमाई में 70 प्रतिशत हिस्सा भारत से आता है | बीसीसीआई का आईसीसी पर करीब 27 मिलियन डॉलर का बकाया भी है |


























