ब्रिटेन में नए प्रधानमंत्री के लिए होड़ तेज, ये पांच नाम हैं पीएम पद के दावेदार
ब्रिटेन में ब्रेग्जिट मुद्दे पर गरमाई सियासत के बीच नए प्रधानमंत्री के लिए होड़ तेज हो गई है | टेरीज़ा मे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद छोड़ने का ऐलान कर दिया था, जिसके बाद नए पीएम की रेस में पांच नाम प्रमुखता से सामने आए हैं | इनमें पूर्व विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है | दरअसल, टेरीज़ा मे ने कई बार ब्रेग्जिट समझौते का बिल पेश किया, लेकिन वे इस पर अपनी कंजर्वेटिव पार्टी के भीतर ही सहमति बनाने में असफल रहीं | इसके बाद उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया | ये पांच नाम हैं पीएम पद के दावेदार - ब्रिटिश पीएम बनने की रेस में जुड़ने वाला नया नाम ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैंकॉक का है | उनके अलावा पूर्व विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन, वतर्मान विदेश मंत्री जेरेमी हंट, इंटरनेशनल डेवलपमेंट सेक्रेटरी रॉरी स्टीवर्ट और पूर्व वर्क एंड पेंशन मिनिस्टर एस्थेर मैक्वे भी दावेदारों में शामिल हैं |

टेरीजा मे यूरोपियन यूनियन से यूनाइटेड किंगडम (यूके) को बाहर करने के समझौते पर अपनी कंजर्वेटिव पार्टी को ही नहीं मना पाईं | संसद में उनके ब्रेग्जिट प्लान को भी तीन बार नकार दिया गया | बदले समीकरणों के मद्देनजर कोई समझौता होता नजर आता है तो यूरोपियन यूनियन से अलग होने की समयसीमा 29 मार्च से बढ़ाकर 31 अक्तूबर तक की जा सकती है | जॉनसन ने कहा कि अगर किसी समझौते पर नहीं पहुंचा जाता तो ब्रिटेन को यूरोपियन यूनियन से बिना किसी डील के अलग होने के लिए तैयार रहना चाहिए | उन्होंने यहां तक कह दिया है कि हम 31 अक्तूबर को यूरोपियन यूनियन से अलग हो जाएंगे, चाहे समझौता हो या नहीं |



