मालदीव संसद को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- अब्दुल्ला शाहिद
नरेंद्र मोदी दोबारा पीएम पद की शपथ लेने के बाद 7 और 8 जून को मालदीव के दौरे पर होंगे। उनके दौरे से पहले मालदीव से एक बड़ी खबर आई है। मालदीव की संसद ने उन्हें सर्वसम्मति से वहां की संसद को संबोधित करने का न्योता भेजा है। मालदीव के इस कदम को कूटनीतिक तौर पर अहम बताया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने प्रस्तावित आगामी मालदीव दौरे पर वहां की संसद को संबोधित करेंगे इसकी जानकारी वहां के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने दी। अब्दुल्ला शाहिद ने कहा कि मालदीव संसद ने सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आगामी दौरे पर यहां की पार्लियामेंट को संबोधित करने के लिए प्रस्ताव पारित किया है। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने ट्वीट करते हुए कहा - मालदीव संसद ने सर्वसम्मति एक प्रस्ताव पारित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आगामी यात्रा के दौरान यहां कि संसद को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई की शाम 7 बजे राष्ट्रपति भवन में शपथ लेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के साथ उनके कैबिनेट के कई मंत्री भी राष्ट्रपति भवन में शपथ लेंगे। पीएम के इस शपथ ग्रहण समारोह में बिम्सटेक के राष्ट्राध्यक्षों को शामिल होने का आमंत्रण भेजा गया है। इसके साथ ही संघाई कॉरपोरेशन संगठन के अध्यक्ष और किर्गिस्तान के राष्ट्रपति तथा प्रवासी भारतीय दिवस के मुख्य अतिथि रहे मॉरीशस के राष्ट्रपति को भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।इस संगठन में कुल 7 देश शामिल हैं जिसमें दक्षिण एशिया से बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, भारत,श्रीलंका और दक्षिण पूर्व एशिया से म्यांमार व थाईलैंड शामिल हैं।



