भारत और पाकिस्तान के बीच 'महामुकाबले' के लिए टिकटों की कीमत आसमान छूने लगी
ब्रिटेन में लाखों की संख्या में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के लोग रहते हैं और इसी कारण इस 'महामुकाबले' के लिए टिकटों की कीमत आसमान छूने लगी | 20 हजार क्षमता वाले ओल्ड ट्रेफर्ड स्टेडियम में होने वाले इस मैच के टिकट विंडो खुलने के कुछ ही घंटों में बिक गए, लेकिन जिन लोगों ने उस समय टिकट खरीदा था, अब वे उन्हें बेचकर भारी मुनाफा कमा रहे हैं | ऐसे ही लोगों से टिकट लेकर उसे रीसेल (दोबारा बिक्री) करने वाली वेबसाइट-वियागोगो (वियागोगो डॉट कॉम) के मुताबिक उसके पास करीब 480 टिकट दोबारा बिक्री के लिए आए और इनमें ब्रांज, गोल्ड, प्लेटिनम और सिल्वर कटेगरी के टिकट थे | कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक ब्रांज और सिल्वर कटेगरी के टिकट उसने अब पूरी तरह बेच दिए हैं और इनकी कीमत 17 हजार रुपये से लेकर 27 हजार रुपये तक रही | वेबसाइट ने हालांकि यह नहीं बताया कि रीसेल के लिए उसने टिकट कितने में खरीदे थे, लेकिन रीसेल किए गए टिकटों की कीमत उसने बताई है |
शुक्रवार तक 58 गोल्ड और 51 प्लेटिनम कटेगरी के टिकट उपलब्ध थे, जिनकी कीमत 47 हजार रुपये से लेकर 62 हजार रुपये तक रखी गई है | वेबसाइट के मुताबिक उसके पास गोल्ड कटेगरी के 58 और प्लेटिनम कटेगरी के 51 टिकट उपलब्ध हैं | भारत को पाकिस्तान के बाद अफगानिस्तान और इंग्लैंड के साथ खेलना है | अफगानिस्तान के साथ होने वाले मैच के टिकटों की रीसेल वैल्यू सात से 15 हजार रुपये के बीच में है, जबकि मेजबान इंग्लैंड के साथ 30 जून को होने वाले मैच के लिए टिकटों की रीसेल वैल्यू 20 से 45 हजार रुपये के बीच रखी गई है | वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम एक बार भी भारत से जीत नहीं सकी है | भारत ने अब तक दो बार (1983 और 2011) में वर्ल्ड कप जीता है जबकि पाकिस्तान ने 1992 में इमरान खान के नेतृत्व में पहली बार यह खिताब जीता था |



