सानिया ने सामिया और हसन को शादी के बाद उनकी पहली दावत दी
पाकिस्तान के स्टार गेंदबाज हसन अली (Hassan ali) ने हाल ही में 20 अगस्त को भारत की सामिया आरजू (Samiya Arzoo) का हाथ थामा | दोनों ने दुबई के एक होटल में एक दूसरे को अपना जीवनसाथी चुना | दोनों को इस रिश्ते में बंधे हुए सप्ताह भर होने वाले हैं और यह कपल शादी के जश्न में व्यस्त है | इस बीच भारत की स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा (Sania Mirza) और उनके पति पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर शोएब मलिक (Shoaib Malik) ने इस कपल को डिनर पार्टी दी, जो शादी के बाद उनकी पहली दावत थी |

हसन अली और शोएब मलिक के बीच में काफी अच्छे रिश्ते हैं | शादी से एक दिन पहले भी सानिया ने हसन अली की टांग खिंचाई की थी | हसन अली ने डिनर पार्टी की फोटो शेयर करते हुए शोएब और सानिया का इसके लिए शुक्रिया अदा किया | भारत के हरियाणा की रहने वाली सामिया आरजू और पाकिस्तान के गेंदबाज हसन अली ने सप्ताह भर पहले ही निकाह किया था | सामिया दुबई में एयर अमीरात में फ्लाइट इंजीनियर हैं और करीब सालभर पहले ही उनकी मुलाकात हसन अली से हुई थी | दोनों के बीच दाेस्ती हुई और फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई |



