नॉटिंघम में बारिश रुकी, 3.30 बजे मैदान का निरीक्षण
आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 के 18वें मैच में दो ऐसी टीमों का मुकाबला होगा जो इस वर्ल्ड कप में अभी तक अजेय हैं | भारत और न्यूजीलैंड ने अभी तक इस वर्ल्ड कप में जितने भी मैच खेले हैं, सभी में जीत हासिल की है | अगर, बारिश ने खलल नहीं डाला तो ट्रेंट ब्रिज मैदान पर होने वाले इस मैच में किसी एक टीम का विजयरथ थमना तय है | अभ्यास मैच में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हो चुका है और वहां उसे हार मिली थी | अभ्यास मैच में कीवी टीम के सामने भारत की बल्लेबाजी ढह गई थी | इस मैच में भारतीय टीम अपनी उस हार को ध्यान में रखकर सतर्क रहते हुए उतरेगी | भारत का सतर्क रहना जरूरी भी है क्योंकि इस मैच में उसके प्रमुख बल्लेबाजों में से एक शिखर धवन नहीं होंगे | धवन अंगूठे में चोट के कारण बाहर हो गए हैं | ये चोट उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में लगी थी | उस मैच में धवन ने 117 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी | धवन जैसी फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज का बाहर होना भारत के लिए परेशानी है | अगर न्यूजीलैंड की बात की जाए तो अभी तक जो तीन मैच उसने खेले हैं वो श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीम से हुए हैं | भारत के रूप में उसके सामने अभी तक की इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी चुनौती है |
टीमें :
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), टॉम ब्लंडल, ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डी ग्रांडहोम, लॉकी फग्र्यूसन, मार्टिन गुप्टिल, टॉम लाथम, कॉलिन मनुरो, जिम्मी नीशाम, हेनरी निकोलस, मिचेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर.
भारत : विराट कोहली (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, लोकेश राहुल, मोहम्मद शमी, विजय शंकर, रोहित शर्मा, कुलदीप यादव.



