ISRO: मानव मिशन गगनयान के लिए 25 पायलटो का नाम शॉर्टलिस्ट हुआ
इसरो(ISRO) ने अपने नये मिशन गगनयान के लिए 25 पायलटों को शॉर्टलिस्ट किया है। इसरो की प्रारंभिक सूचि में सबसे ऊपर ओडिशा के बलांगीर के विंग कमांडर निखिल रथ ने जगह बनायीं है। इसरो ने अपने मिशन चंद्रयान 2 के बाद तुरंत ही मिशन गगनयान(Gagayan) की तैयारी शुरु कर दी। मानव मिशन गगनयान 2021 में इसरो द्वारा संचालित होगा। इस मिशन के लिए जिन 25 पायलटों का चयन किया गया है उन्हें रूस में अंतरिक्ष यात्री की ट्रेनिंग दिलायी जाएगी। अभी तक इसके लिए 25 पायलटों का नाम शॉर्टलिस्ट हुआ है, इसमें ओडिशा के निखिल रथ(Nikhil Rath) एक हैं। अगर भारतीय वायु सेना के पायलट निखिल रथ को अंतिम सूची में चुना जाता है, तो वह सात दिवसीय मिशन के लिए अंतरिक्ष में जाने वाले तीन अंतरिक्ष यात्रियों में से एक होंगे।
निखिल रथ 2003 में इंडियन एयरफोर्स में शामिल हुए थे। इनके पिता अशोक रथ बालांगीर में सीनियर वकील हैं और मां कुसुम रथ महिला आयोग की सदस्य हैं। 1998 में बालांगीर के केंद्रीय विद्यालय से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद निखिल ने 2000 में दिल्ली पब्लिक स्कूल से इंटर किया था। इसके बाद उन्होंने पहले ही कोशिश में नेशनल डिफेंस एकेडमी(NDA) क्लीयर कर लिया और कैडेट के रूप में इसे ज्वॉइन किया।
10,000 करोड़ बजट वाले इस मिशन की घोषणा पिछले साल स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। गगनयान मिशन के तहत, तीन अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर इसरो का एक अंतरिक्ष यान 2021 में उड़ान भरेगा। इसरो और भारतीय वायुसेना इस प्रोजेक्ट में मिलकर काम कर रहे हैं। वायुसेना अपने पायलटों में से चयन करके तीन अंतरिक्षयात्री इसरो को देगी। इसके बाद इसरो उन्हें ट्रेनिंग देगा। भारत का यह महत्वकांक्षी मिशन है, जिसमें तीन भारतीयों को अंतरिक्ष में सात दिन की यात्रा के लिए भेजा जाएगा।


