Xiaomi ने अपने पहले 64 मेगापिक्सल कैमरा फोन को भारत में लॉन्च किया
Xiaomi ने अपने पहले 64 मेगापिक्सल कैमरा फोन Xiaomi Redmi Note 8 Pro को भारत में लॉन्च कर दिया है। रेडमी नोट 8 प्रो की सबसे अहम खासियत कैमरे हैं। इस फोन में चार रियर कैमरे हैं जिसमें प्राइमरी सेंसर 64 मेगापिक्सल का है। रेडमी नोट 8 प्रो में गेमिंग के लिए हीलियो जी90टी प्रोसेसर और लिक्विड कूलिंग तकनीक दी गई है। अन्य खासियतों की बात करें तो रेडमी नोट 8 प्रो में 20 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा, गेम टर्बो 2.0 मोड, 4,500 एमएएच बैटरी और 18 वॉट की फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है। रेडमी नोट 8 प्रो का दाम 14,999 रुपये से शुरू होती है। यह दाम 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरिएंट का है। फोन के दो और वेरिएंट हैं। Xiaomi के इस फोन के 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 15,999 रुपये में बेचा जाएगा। 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट का दाम 17,999 रुपये है।
डुअल-सिम रेडमी नोट 8 प्रो भी एंड्रॉयड 9 पाई पर आधारित मीयूआई 10 पर चलेगा। इसमें 6.53 इंच का फुल-एचडी+ (1080x2340 पिक्सल) डिस्प्ले है, 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो के साथ। वाटरड्रॉप नॉच वाले इस फोन के फ्रंट और बैक पैनल पर गोरिल्ला ग्लास 5 की प्रोटेक्शन है। उम्मीद के मुताबिक, मीडियाटेक के नए गेमिंग प्रोसेसर हीलियो जी90टी का इस्तेमाल हुआ है। साथ में 8 जीबी तक रैम दिए गए हैं। रेडमी नोट 8 प्रो यूज़र्स के गेमिंग अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कंपनी ने लिक्विड कूलिंग तकनीक को इस फोन का हिस्सा बनाया है। यह गेम टर्बो 2.0 मोड जैसे गेमिंग फीचर के साथ आता है।
इनबिल्ट स्टोरेज 128 जीबी तक है। रेडमी नोट 8 प्रो में भी चार रियर कैमरे हैं। यह कंपनी का पहला 64 मेगापिक्सल कैमरा फोन है। इस सेंसर के साथ कंपनी ने 8 मेगापिक्सल का वाइड-एंगल सेंसर और दो 2 मेगापिक्सल के सेंसर दिए हैं। फोन में फ्रंट पैनल पर 20 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा है। Redmi Note 8 Pro की बैटरी 4,500 एमएएच की है। यह 18 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।




