आज मेकर्स ने फिल्म कलंक का टीजर जारी किया
करण जौहर की अगली फिल्म 'कलंक' का अब दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार है और आज मेकर्स ने इस फिल्म का टीजर जारी कर दिया है। फिल्म के टीज़र से साफ लग रहा है कि यह करण के प्रॉडक्शन की एक बेहतरीन फिल्म साबित होने वाली है। फिल्म का सेट काफी भव्य और शानदार नजर आ रहा है। टीज़र की शुरुआत होती है माधुरी के डांस और आलिया भट्ट की एक भव्य महल में एंट्री से। इसके बाद वरुण धवन की आवाज में एक शानदार डायलॉग है, जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं, 'कुछ रिश्ते कर्जों की तरह होते हैं, जिन्हें निभाना नहीं चुकाना होता है।' महारानी वाले लुक में माधुरी के अलावा एक टेबल पर किसी शख्स के सामने काफी गंभीर मुद्रा में दिख रही हैं सोनाक्षी सिन्हा और फिर सफेद कपड़ों में नजर आती हैं आलिया भट्ट, जिन्हें देख ऐसा लग रहा है कि जैसे वह उस खूबसूरत आलीशान महल से कहीं दूर जा रही हों।टीज़र में माधुरी दीक्षित के डांस का भी तड़का है और आलिया भट्ट आदित्य रॉय कपूर की दुल्हन बनी दिख रही हैं और इसी के साथ सुनाई दे रहा उनका डायलॉग, जिसमें वह कहती सुनाई दे रही हैं, 'जब किसी और की बर्बादी अपनी जीत जैसी लगे तो हमसे ज्यादा बर्बाद और कोई नहीं दुनिया में।' इसके बाद दिखता है वरुण धवन का खून से सना चेहरा । झलकियों से स्पष्ट है कि फिल्म में आलिया का प्यार वरुण हैं और आदित्य रॉय कपूर की लव लाइफ हैं सोनाक्षी सिन्हा। आखिर में जलते हुए रावण के सामने आलिया और वरुण एक-दूसरे के आमने-सामने होते हैं। इस फिल्म के टीज़र से ठीक पहले फिल्म के किरदारों की कुछ नई तस्वीरें जारी की गई थीं, जिसमें उनका चेहरा भले साफ न हो, लेकिन उनके अंदाज़ से आप पहचान लेंगे कि यह किनकी तस्वीर है। हाल ही में करण जौहर ने अपनी इस फिल्म के सितारों के पोस्टर्स भी लॉन्च किए और इसी के साथ उनके किरदार का परिचय भी दिया।










