छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में एंटी-नक्सल ऑपरेशन के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है | दंतेवाड़ा के किरंदुल थाना क्षेत्र मड़कामी रास के गुमियापाल के जंगलों में डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने 5-5 लाख के दो ईनामी नक्सलियों को मार गिराया है | मारे गए नक्सलियों में एक महिला और एक पुरुष नक्सली शामिल हैं | वहीं पुलिस ने एक अन्य महिला नक्सली को गिरफ्तार भी किया है |
बता दें दोनों मारे गए नक्सली मलंगर एरिया कमेटी के सदस्य बताए जा रहे हैं | घटना की जानकारी देते हुए दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि 'डीआरजी के जवान सुबह सर्च ऑपरेशन पर निकले थे, इसी दौरान नक्सलियों ने गुनियापाल जंगल के पास जवानों पर फायरिंग कर दी | इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की और दो नक्सलियों को ढेर कर दिया | मृत नक्सलियों की पहचान देवा और मुया के तौर पर हुई है | घटना स्थल पर मुठभेड़ अभी भी जारी है, जहां रुक-रुक कर नक्सली और पुलिस बल एक दूसरे पर फायरिंग कर रहे हैं | जानकारी के अनुसार एक अन्य नक्सली भी फायरिंग के बीच फंसा हुआ है | वहीं मारे गए नक्सलियों के पास से कई हथियार भी बरामद किए गए हैं |


















