गोदावरी नदी में पलटी नाव, 61 लोग थे सवार
आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के पूर्वी गोदावरी (East Godavari) जिले में रविवार दोपहर गोदावरी नदी में एक पर्यटन नौका पलटने से कई लोगों के डूबने की आशंका है. पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी | पुलिस सूत्रों के मुताबिक 10 यात्रियों को बचा लिया गया है | हालांकि, दुर्घटना का पूरा ब्योरा और दुर्घटनाग्रस्त नौका पर सवार यात्रियों की सटीक संख्या का फिलहाल पता नहीं चल पाया है | गोदावरी नदी पिछले कुछ दिनों से पूरे उफान पर है | पूर्वी गोदावरी (Godavari) जिला पुलिस अधीक्षक अदनान अस्मी ने कहा - हम विस्तृत जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं |
सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित नौका पर करीब 61 टूरिस्ट सवार थे, जिनमें चालक दल के करीब 11 सदस्य भी शामिल हैं | 61 टूरिस्ट को लेकर जा रही नाव ईस्ट गोदावरी इलाके में गोदावरी नदी में डूब गई | रॉयल वितस्ता नाम की यह नाव टूरिस्ट को गांदी पोचम्मा मंदिर से पापिकोंडालू पहाड़ियों में लेकर जा रही थी | नौका कच्चुलुरु के पास पलट गई | मुख्य सचिव ने बताया कि दुर्घटना के पीड़ितों का पता लगाने के लिए एक हेलीकॉप्टर की सेवा ली जा रही है |


