ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का वक्त मांगकर सबको हैरान किया
पश्चिम बंगाम (West Bengal) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) से मिलने का वक्त मांगा है | बुधवार दोपहर बाद साढ़े चार बजे दोनों नेताओं की मुलाकात हो सकती है | अगर बुधवार को ममता बनर्जी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करती हैं तो ये पीएम मोदी के 2019 में दोबारा सत्ता में आने के बाद दोनों नेताओं के बीच पहली मुलाकात होगी | ममता बनर्जी के प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात का वक्त मांगने पर सब हैरान हैं | लोकसभा चुनाव से पहले, उसके दौरान और उसके बाद ममता दीदी ने जिस तरह के तेवर अपना रखे थे, उसमें वो केंद्र के सामने किसी भी तरह से झुकने को तैयार नहीं थी | ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर तीखे हमले किए | उनपर तंज कसे | आंध्र प्रदेश के बाद पश्चिम बंगाल में भी राज्य सरकार ने बिना अनुमति के सीबीआई जांच या छापे पर रोक लगा दी | कोलकाता के कमिश्नर रह चुके राजीव कुमार की संभावित गिरफ्तारी को देखते हुए वो सीबीआई के खिलाफ धरने पर बैठ गईं | केंद्र सरकार से झगड़ा मोल लेने का उन्होंने एक भी मौका नहीं छोड़ा | सवाल है कि इतना सब करने के बाद अब वो प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का वक्त क्यों मांग रही हैं ? ममता बनर्जी की पीएम मोदी से मुलाकात की बात पर पश्चिम बंगाल बीजेपी ने तंज कसा है | पश्चिम बंगाल बीजेपी ने कहा है कि ये मौकापरस्ती और राजनीति का बेहतरीन उदाहरण है |
ममता बनर्जी खुद को सीबीआई के शिकंजे से बचाने का हताशा भरा प्रयास कर रही हैं | बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि ‘लोकसभा चुनाव के दौरान और उसके बाद ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, वो सभी जानते हैं | उनके मन में संघीय ढांचे के प्रति कोई सम्मान नहीं है | अब अचानक वो दिल्ली क्यों जा रही हैं, ये खुला रहस्य है | ममता बनर्जी खुद को और अपनी पार्टी नेताओं को सीबीआई के शिकंजे से बचाने के लिए दिल्ली जा रही हैं, जो बंगाल में करोड़ों रुपए के सारदा चिटफंट घोटाले की जांच कर रही है | बीजेपी के महासचिव और बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह अच्छी बात है कि सीएम, पीएम से मिलना चाहती हैं | संघीय व्यवस्था में सौहार्दपूर्ण संबंध होना चाहिए | लोकसभा चुनावों में कैलाश विजवर्गीय की बंगाल में बीजेपी की जीत में अहम भूमिका रही है | जबकि ममता बनर्जी ने चुनावों के दौरान एक से अधिक बार उनकी रैलियों और रोड शो पर प्रतिबंध लगा दिए थे | बुधवार साढ़े चार बजे सीएम ममता बनर्जी और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच मुलाकात होगी | सूत्रों के हवाले से जो खबर दी जा रही है, उसके मुताबिक ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में एनआरसी लागू करने का मुद्दा, बैंकों के मर्जर, पब्लिक सेक्टर यूनिट्स के विनिवेश और पश्चिम बंगाल का नाम बदलने के मसले पर प्रधानमंत्री मोदी से बात कर सकती हैं |











