जो काम कांग्रेस 70 साल तक नहीं कर पाई वो मोदी सरकार ने 70 दिन में कर दिया- अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि जो काम अन्य सरकारें पांच साल में नहीं करती हैं वो काम मोदी सरकार ने 75 दिनों में पूरे किए हैं | सबसे बड़ा काम जो सरदार पटेल का सपना था कि पूरा देश अखंड भारत बने और इसमें अनुच्छेद 370 एक रुकावट था | 370 को हटाने का काम 70 साल तक कांग्रेस की सरकारें जो वोट बैंक के लालच में नहीं कर पाई वो काम मोदी सरकार ने 70 दिन में कर दिया | अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण जो अनुच्छेद 370 को हटाने का काम हुआ है, हरियाणा के वीर शहीदों को इससे बड़ी श्रद्धांजलि नहीं हो सकती है | आज अटल जी की आत्मा नरेन्द्र मोदी जी को हृदय से आशीर्वाद दे रही होगी | बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी ने 370 वोट से अनुच्छेद 370 हटाया | धारा 370 हटने के बाद जम्मू और कश्मीर के विकास के लिए जो रोड़ा था वो अब हट गया है और मोदी जी के नेतृत्व में अब जम्मू-कश्मीर और लद्दाख विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा |
जींद के एकलव्य स्टेडियम में बीजेपी की ओर से आयोजित आस्था रैली में अमित शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी ने कभी वोटबैंक का लालच नहीं किया | बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि 370 हटाना अपने आपमें बहुत बड़ा काम है और ये वही कर सकता है, जिसके मन में वोट बैंक का लालच न हो | मोदी जी कभी वोट बैंक के लालच में नहीं पड़े, उन्होंने हमेशा मां भारती की भलाई में फैसले लिए हैं | अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने स्वतंत्रता दिवस पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की घोषणा की है | कई साल से इसकी सिफारिश होती रही, लेकिन इसकी घोषणा नहीं हो सकी | इससे युद्ध के समय सेनाओं के बीच बेहतर सामंजस्य होगा और सेनाएं वज्र के समान दुश्मन का सामना करेंगी |













