ताज महोत्सव का उद्घाटन आगरा सांसद एस पी सिंह बघेल ने फीता काटकर किया
ताज नगरी आगरा में 'संस्कृति के रंग ताज के संग' थीम के साथ 29 वें ताज महोत्सव का रंगारंग आगाज हो चुका है | इस महोत्सव का उद्घाटन आगरा सांसद एस पी सिंह बघेल ने फीता काटकर किया | 18 से 27 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान 1800 से ज्यादा कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे, तो वहीं 350 से ज्यादा शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे | लोक कलाओं के इस महोत्सव में शिल्पकारों ने अपने शिल्प को करीने से सजाया है | तो मंचीय कार्यक्रम की प्रस्तुति के लिए कलाकर तैयारियां पूर्ण कर चुके हैं | ताज महोत्सव का उद्घाटन पदम श्री योगेन्द्र दा, सांसद एसपी सिंह बघेल, मंडलायुक्त अनिल कुमार और डीएम प्रभुनारायण सिंह, एडीजी अजय आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया | पंडित केशव तलेगांवकर एवं साथियों द्वारा 'संस्कृति के रंग ताज के संगीत की प्रस्तुति पेश की गई | सांसद आगरा एसपी सिंह बघेल ने कहा कि ताजमहल दुनिया में अपनी पहचान रखता है और यह महोत्सव देश की संस्कृति और परंपराओं को सहेजे हुए भारत के शोकेस के तौर पर ताज नगरी में आयोजित किया जाता है | ताज नगरी का खानपान और यहां की विरासत अद्भुत है | यही वजह है कि दुनिया में आगरा की अपनी अलग पहचान है |
महोत्सव में इस बार पंजाब की फुल्कारी, सहारनपुर का फर्नीचर, भदोही का कारपेट, पिलखुआ की चादर, बागपत का हैंड ब्लॉक, खुर्जा की पॉटरी, जम्मू व कश्मीर की शॉल व सूट, गुजरात की इंब्राइडरी, नोर्थ-ईस्ट के ड्राई फ्लॉवर, बांस का फर्नीचर, आंध्र प्रदेश की काष्ठकला के स्टॉल लगे हैं | महोत्सव में वेज, नॉनवेज के शौकीनों के लिए भी बहुत कुछ है | बच्चों और युवाओं के पसंदीदा फास्ट फूड के साथ हरियाणा की जलेबी का स्वाद आप ले सकेंगे | दक्षिण भारतीय व्यंजन डोसा, इडली के साथ आइसक्रीम का लुत्फ उठा सकेंगे. बच्चों के लिए झूले आकर्षण का केंद्र रहेंगे |

