प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर खुद को चौकीदार बताते हुए ट्वीट किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राहुल गांधी के 'चौकीदार चोर है' के आरोप पर जवाब दिया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर खुद को चौकीदार बताते हुए ट्वीट किया और कहा कि न सिर्फ मैं बल्कि इस देश का हर नागरिक चौकीदार है | उन्होंने ट्वीट किया- आपका चौकीदार मजबूती के साथ खड़ा है और देश की सेवा में जुटा है। लेकिन मैं अकेला नहीं हूं। ऐसा हर व्यक्ति जो भ्रष्टाचार, गंदगी और समाज के दुश्मनों से लड़ रहा है, वह चौकीदार है। जो भी व्यक्ति भारत के विकास के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है, वह चौकीदार है।
आज हर भारतीय कह रहा- मैं भी चौकीदार। कुछ महीने पहले पीएम मोदी ने देश की जनता को संबोधित करते खुद को चौकीदार बताया था | पीएम के इस बयान के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनपर राफेल डील के बहाने तंज कसा था | रैलियों और रोड शो के दौरान राहुल गांधी अक्सर राफेल मामले का जिक्र करके लोगों को बता रहे हैं कि मोदी भ्रष्ट हैं। वह लोगों से नारा भी लगवाते हैं- ‘चौकीदार चोर है।’ राहुल का 'चौकीदार चोर है' कहना कुछ लोगों को नागवार गुजरा है। हाल ही में महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा रक्षक यूनियन ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने ऐसा कहकर सारे चौकीदारों का अपमान किया है, लिहाजा उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए।

























