लखनऊ के मनकामेश्वर मंदिर में राज्यपाल आनंदीबेन ने किया जलाभिषेक
भगवान शिव के प्रिय सावन माह के अंतिम सोमवार पर राजधानी के प्राचीन मंदिरों में से एक मनकामेश्वर मंदिर में सुबह से दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने आराध्य का जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। वहीं यूपी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल(Anandiben Patel) भी मनकामेश्वर मंदिर पहुंचीं। राज्यपाल आनंदीबेन ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की आराधना की।
मनकामेश्वर मन्दिर(Mankameshwar Mandir) का इतिहास बहुत प्राचीन है। जिसकी ठीक जानकारी किसी को नहीं मालूम है। लेकिन क्षेत्र के बुजुर्ग बताते हैं कि यह मन्दिर सैकड़ों वर्ष पुराना है। भक्त बताते है कि इस मन्दिर का विकास महंत राम गिरी बाबा के कार्यकाल में हुआ। मन्दिर परिसर में उनका सोटा डंडा आज भी मौजूद है। महंत राम गिरी बाबा ने एक बार इसी सोटे से शिव लिंग पर प्रहार किया था जिससे दूध की धारा निकली थी। महंत ने यह कार्य एक भक्त के विश्वास दिलाने के लिए किया था। इसके बाद भक्त महंत के चरणों में गिर गया। भक्तों ने बताया कि महंत राम गिरी के बाद उक्त भक्त मनकामेश्वर मन्दिर का महंत हुआ।





























