उत्तर प्रदेश के सभी 18 पुलिस रेंज में साइबर थाने एवं फॉरेंसिक लैब की स्थापना होगी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (Yogi government) राज्य के सभी 18 पुलिस रेंज (Police Range) में साइबर थाने (cyber police stations) एवं फॉरेंसिक लैब (forensic labs) की स्थापना करेगी। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को लोक भवन में पुलिस के प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों के निर्माण के सिलसिले में गृह विभाग के प्रस्तुतिकरण के दौरान कहा कि राजधानी लखनऊ में फॉरेंसिक विश्वविद्यालय की स्थापना के काम में तेजी लायी जानी चाहिये और इसके लिये काम को तेजी से पूरा करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि साइबर थाने और फारेंसिक लैब के लिये जरूरी भर्ती प्रक्रिया को भी शीघ्रता से आगे बढ़ाया जायेगा और जरूरत के आधार पर कर्मियों की भर्तियां भी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य से पहले सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं से एग्रीमेंट सम्पादित कर लिया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के सम्बन्ध में कोई रिवाइज्ड एस्टीमेट स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्य को मानकों के अनुसार, गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें। निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए अलग से टीम गठित की जाए।

वह स्वयं भी कार्यों की गुणवत्ता परखेंगे। प्रस्तुतिकरण के दौरान अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने मुख्यमंत्री को थानों में प्रस्तावित बैरक/हॉस्टल, पुलिस लाइन में बैरक/हॉस्टल, पुलिस लाइन (Police Lines) में आवासीय भवन, पीएसी वाहिनी में बैरक/हॉस्टल, नवसृजित जनपदों में पुलिस लाइन, नये थानों, पुलिस चैकियों, अग्निशमन केन्द्रों तथा पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की क्षमता विस्तार हेतु प्रस्तावित निर्माण कार्यों के सम्बन्ध में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पहली बार पुलिस विभाग में इतनी बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के लिये आवासीय व अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। पहली बार महिला पुलिस कर्मियों के लिये बैरक का निर्माण कराया जा रहा है। पुलिस कर्मियों को आवासीय सुविधा हेतु मल्टीस्टोरी भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान डीजीपी ओपी सिंह, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव कुमार मित्तल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण नितिन रमेश गोकर्ण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।





























