महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस 50:50 फॉर्मूले से किया इंकार
देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। फडणवीस और राज्य के अन्य मंत्रियों ने राजभवन में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। हालांकि वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री की भूमिका निभाते रहेंगे। इस्तीफा देने के बाद फडणवीस मीडिया से भी रूबरू हुए और अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि हमने बाला साहेब और उद्धव ठाकरे के बारे में कभी गलत बात नहीं कही, मगर हमारे नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में काफी कुछ कहा गया। खरीद-फरोख्त के झूठे आरोप लगाए गए. उद्धव ठाकरे के करीबी लोग अलग-अलग बयान दे रहे हैं। लोगों ने महागठबंधन को वोट दिया था। हम मोदी जी के नेतृत्व में लोगों के पास गए थे। बीजेपी की जीत का स्ट्राइक रेट 70 फीसदी रहा है। सरकार न बनना जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि वह महाराष्ट्र की जनता का आभार व्यक्त करते हैं। फडणवीस ने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में हमने जनता के विकास के लिए काफी काम किए। इसी काम के दम पर जनता ने फिर से एनडीए को चुना है। उन्होंने शिवसेना और उद्धव ठाकरे का भी आभार जताया।
शिवसेना के साथ 50-50 फॉर्मूले पर उन्होंने कहा कि ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पर को लेकर ऐसी कोई बात नहीं हुई थी। महाराष्ट्र में जारी गतिरोध के लिए फडणवीस ने शिवसेना को ही जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे को कोई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। हमने नहीं बल्कि शिवसेना ने चर्चा से इनकार किया है।





























