आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद मायावती ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
बेनामी संपत्ति के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है | उन्होंने कहा कि देश जातिवादी व्यवस्था का शिकार हो रहा है | बसपा सुप्रीमो ने निजी एजेंसी एएनआई से बातचीत में बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है | उन्होंने दावा किया कि 2000 करोड़ रुपए से ज्यादा बीजेपी के खातों में रकम आई है | पहले बीजेपी उसका हिसाब दे | मायावती ने आगे कहा कि बीएसपी लोगों की आवाज के लिए लड़ती रहेगी | आज दलितों और ओबीसी वर्ग को निजीकरण के जरिए खत्म करने की कोशिश की जा रही है | बसपा सुप्रीमो ने आगे कहा जो लोग सरकारी नौकरी में हैं, उनकी नौकरी खत्म करने की कोशिश की जा रही है |
आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद मायावती ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इन्होंने जो अरबों-खरबों की सम्पत्ति बनाई है, उसका हिसाब दें, क्योंकि हम तो बिल्कुल खुली किताब की तरह हैं | मायावती बीजेपी और आरएसएस के लोगों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि इससे बीएसपी बिल्कुल भी डरने और घबराने वाली नहीं है | इससे पहले मायावती ने ट्वीट कर इस कार्रवाई को राजनीतिक षड्यंत्र बताया | मायावती ने अपने ट्वीट में कहा - बीजेपी केन्द्र की सत्ता का अभी भी दुरुपयोग कर अपने विपक्षियों को षड्यंत्र के तहत जबरन फर्जी मामलों में फंसाकर उन्हें प्रताड़ित कर रही है | इसी क्रम में अब मेरे भाई-बहनों आदि को भी परेशान किया जा रहा है | यह अति-निन्दनीय है, लेकिन इससे बीएसपी डरने और झुकने वाली नहीं है |


