गुजरात: विधानसभा में घुस गया तेंदुआ, काम काज बंद
गुजरात के विधानसभा सचिवालय में रविवार देर रात एक तेंदुआ घुस गया। वन विभाग और पुलिस के संयुक्त अभियान में तेंदुए को पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया गया है। फिलहाल सचिवालय को बंद कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि तेंदुआ रात 1 बजकर 53 मिनट पर सचिवालय में घुस गया। यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से बेहद गंभीर माना जाता है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं।
सचिवालय में मुख्यमंत्री के अलावा सभी मंत्रियों का कार्यालय है ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जिस इमारत में यह तेंदुआ घुसा है वह गुजरात सचिवालय की मुख्य बिल्डिंग है। पुलिस ने विधानसभा की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है। तेंदुए के गेट नंबर 7 से घुसने की आशंका है। विधानसभा के बाहर कर्मचारियों की भीड़ लगी है और ऑपरेशन के खत्म होने तक उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं है।



