बाबा वैराग्यानंद ने 16 जून को जल समाधि लेने का निश्चय किया
मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह के समर्थन में मिर्ची यज्ञ कराकर दिग्विजय सिंह की जीत की भविष्यवाणी करने और न जीतने पर जीवित जल समाधि लेने की घोषणा करने वाले बाबा वैराग्यानंद ने भोपाल कलेक्टर से जल समाधि लेने की अनुमति मांगी है | बाबा वैराग्यानंद ने 16 जून को दोपहर 2 बजकर 11 मिनिट पर जल समाधि लेने का निश्चय किया है | चिट्ठी में लिखा है - दिग्विजय सिंह भोपाल संसदीय क्षेत्र से पराजित हो चुके हैं और मैं अपने संकल्प पर दृढ़ संकल्पित रहते हुए अपने संकल्प को पूर्ण करना चाहता हूं | चिट्ठी में आगे बाबा वैराग्यानंद ने कहा है - मैं 16 जून दोपहर को 2 बजकर 11 मिनट में समाधि लेना चाहता हूं ताकि अपना संकल्प पूर्ण कर सकूं और मुझे पूरा विश्वास है कि प्रशासन मेरी धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए समाधि के लिये जगह निर्धारित करके देगा |

बाबा वैराग्यानंद ने ऐलान किया था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भोपाल लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ही जीतेंगे और भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की हार सुनिश्चित है | उन्होंने आगे कहा था कि अगर दिग्विजय सिंह भोपाल में जीत दर्ज कराने में नाकाम रहते हैं तो वह वह जीवित जल समाधि ले लेंगे | बाबा वैराग्यानंद की समाधि लेने की बात को बीजेपी ने नाटक करार दिया है | बीजेपी ने कहा कि भोपाल की जनता समझदार है इसलिए कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार में आये कम्प्यूटर बाबा और वैराग्यानंद बाबा को वोटों के ज़रिए सबक सिखा कर जनता से साफ कर दिया है कि वो ऐसे बाबाओं के झांसे में नहीं आने वाली | 23 मई को जब भोपाल लोकसभा क्षेत्र का रिजल्ट आया तो यहां से दिग्विजय सिंह को करीब साढ़े तीन लाख वोटों से हार मिली | उसके बाद बाबा का मोबाइल बंद हो गया | बाद में उनका एक ऑडियो वायरल हुआ जिसमें वह इस दावे को नकारते हुए नजर आए | उसके बाद अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी ने स्वामी वैराग्यानंद को निरंजनी अखाड़े से निष्कासित कर दिया था |












