झारखंड में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने विरोधियों पर निशाना साधा
पीएम मोदी झारखंड में चुनाव प्रचार करने पहुंचे | इस दौरान पीएम मोदी ने लोगों को समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया | उन्होंने कहा कि मैं जहां भी जा रहा हूं वहां की जनसभा की पहले की रैली का रिकॉर्ड तोड़ देती है | यहां भी जहां तक नजर जाती है लोग ही लोग आशीर्वाद देने आए हैं | इस दौरान पीएम मोदी ने विरोधियों पर निशाना साधा | उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आपने कभी भरोसा किया था, जिन्हें झारखंड के आदिवासियों ने मान-सम्मान दिया था, लेकिन उन्होंने खुद के लिए और परिवार के लिए बड़े-बड़े महल दिए और आपको भूल गए थे | साथ ही उन्होंने कहा कि जेएमएम और कांग्रेस के पास झारखंड के विकास का कोई न रोडमैप है और न इरादा है और न कभी भूतकाल में कुछ किया है | अगर वो जानते हैं तो उनको एक ही बात का पता है, बीजेपी का विरोध करो, मोदी को गाली दो | बीजेपी का विरोध करते-करते इन लोगों को देश का विरोध करने की आदत हो गई है | साथ ही नागरिकता संशोधन एक्ट पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश की संसद ने नागरिकता कानून से जुड़ा एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है |

इस बदलाव के कारण पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से जो वहां कम संख्या में थे, जो अलग धर्म का पालन करते थे, इसलिए वहां उन पर जुल्म हुए उनका वहां जीना मुश्किल हो गया | ये तीन देशों से हिंदू, ईसाई, सिख, पारसी, जैन, बौद्ध उनको वहां से अपना गांव, घर, परिवार सबकुछ छोड़कर भारत में भाग कर यहां शरणार्थी की जिंदगी जीने के लिए मजबूर होना पड़ा | उनके जीवन को सुधारने के लिए, इन गरीबों को सम्मान मिले इसलिए भारत की दोनों सदनों में भारी बहुमत से इन गरीबों के लिए नागरिकता का निर्णय किया | साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी तूफान खड़ा कर रहे हैं, उनकी बात चलती नहीं है तो आगजनी फैला रहे हैं | ये जो आग लगा रहे हैं, ये कौन है उनके कपड़ों से ही पता चल जाता है | साथ ही असम में हो रही हिंसा पर भी पीएम मोदी ने बात की और कहा कि मैं असम के भाइयों-बहनों का सर झूकाकर अभिनंदन करता हूं कि इन्होंने हिंसा करने वालों को अपने से अलग कर दिया है | शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात बता रहे हैं | देश का मान-सम्मान बढ़े ऐसा व्यवहार असम, नार्थ ईस्ट कर रहा है |




























