अनजान शख्स लोगों का भर रहा कर्ज, लोग उसे रॉबिनहुड बुलाते हैं
गरीबी और महंगाई से परेशान तुर्की (Turkey) के लोगों की पिछले एक साल से अनजान शख्स मदद कर रहा है | ये शख्स कौन है और कहां रहता है इसकी जानकारी किसी को भी नहीं है | लेकिन ये अनजान व्यक्ति चुपचाप ग्रॉसरी स्टोर्स (Grocery Stores) में जाकर लोगों के बिल भर देता है | ग्रॉसरी के मालिक ने जब उस व्यक्ति से उसका नाम और दूसरों का बिल जमा करने का कारण पूछा तो उसने नाम तो नहीं बताया बस इतन कहा कि वह ऊपरवाले की दुआएं लेने के लिए ऐसा कर रहा है | पिछले साल तुर्की की मुद्रा लीरा के गिर जाने के कारण यहां खाने-पीने के सामान काफी महंगे हो गए हैं | यहां पर रहने वाले लोगों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वह बिजली का बिल तक नहीं जमा कर पा रहे हैं | बेरोजगारी इतनी बढ़ चुकी है कि लोगों के पास खाने के पैसे भी नहीं हैं | ऐसे में एक शख्स इन लोगों के लिए किसी मसीहा से कम नहीं है |

ग्रॉसरी स्टोर के मालिक तुनक यासिर ने बताया कि मुझे याद है कि पिछले दिनों एक शख्स अपने तीन दोस्तों के साथ मेरी दुकान पर आया था | उस शख्स ने वो रिजस्टर मंगाया, जिसमें कर्जदारों के नाम लिखे थे | यासिर ने बताया कि उसने जब उसे रजिस्टर दिया तो उसने सभी कर्जदारों के पते भी पूछे और वहां से चला गया | कुछ देर बाद वह फिर आया और उसने सभी कर्जदारों के बिल जमा कर दिए | बाद में पता चला कि वह सभी कर्जदारों के घर भी गया था और उसने सभी की आर्थिक मदद की | यासिर ने बताया कि जब मैंने उससे उसका नाम पूछा तो उसने कहा, मुझे सिर्फ रॉबिनहुड कहकर बुलाओ | यासिर ने कहा कि मैं पिछले 30 सालों से यहां रह रहा हूं लेकिन आज तक किसी को इस तरह से किसी की मदद करते नहीं देखा है | मेरे ग्राहक उस व्यक्ति से मिलना चाहते हैं लेकिन मैं खुद उस इंसान के बारे में कुछ नहीं जानता जो लोगों की मदद कर रहा है | अब तक वह 25 हजार लीरा का कर्ज चुका चूका है |





