मरियम नवाज ने वीडियो जारी कर किया बड़ा खुलासा
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की नेता मरियम नवाज ने एक वीडियो क्लिप जारी किया है, जिसमें जवाबदेही अदालत का एक न्यायधीश कथित तौर पर यह स्वीकार करते नजर आ रहे हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराने के लिए उन्हें ब्लैकमेल किया गया और उन पर दबाव डाला गया | लाहौर में शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मरियम ने कहा कि उनके पिता को लेकर समूची न्यायिक प्रक्रिया को गंभीर रूप से प्रभावित किया गया | इस दौरान पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे |

नवाज शरीफ अल अजीजिया स्टील मिल मामले में भ्रष्टाचार के दोषी ठहराए गए थे, जिसके बाद वह 24 दिसंबर 2018 से कोट लखपत जेल में बंद हैं | उन्हें सात साल जेल की सजा सुनाई गई है | मरियम का दावा है कि जवाबदेही अदालत इस्लामाबाद के न्यायधीश अरशद मलिक ने उनकी पार्टी के समर्थक नसीर भट्ट के साथ बातचीत में यह स्वीकार किया कि पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ फैसला देने के लिए उन्हें ब्लैकमेल और मजबूर किया गया | वहीं इमरान खान सरकार ने कहा कि यह वीडियो छेड़छाड़ करके तैयार किया गया है | वीडियो की फॉरेंसिक ऑडिट की मांग की |




