भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चीनी को लेकर एक नया ट्रेड वार छिड़ने की आशंका
अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वार अभी खत्म भी नहीं हुआ कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चीनी को लेकर एक नया ट्रेड वार छिड़ने की आशंका दिखने लगी है | दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर आरोप लगाया कि भारत गन्ना किसानों को लगातार सब्सिडी दे रहा है | लिहाजा वैश्विक स्तर पर चीनी का भंडार बढ़ गया है और कीमतें नीचे आ गई हैं | ऐसे में ऑस्ट्रेलिया ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) से एक समिति का गठन करके इसकी जांच करने की मांग की है | ऑस्ट्रेलिया का कहना है कि दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक भारत कहीं कृषि सब्सिडी संबंधी अपनी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन तो नहीं कर रहा है | इस मामले में ऑस्ट्रेलिया ने ब्राजील और ग्वाटेमाला को भी अपने पाले में कर लिया है | ऑस्ट्रेलिया ने ब्राजील और ग्वाटेमाला के साथ मिलकर डब्ल्यूटीओ से विवाद निपटाने के लिए समिति बनाने को कहा है | नवंबर 2018 के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल भारत में चीनी का उत्पादन बढ़ कर 3.5 करोड़ टन तक पहुंच गया था, जबकि भारत का औसत उत्पादन 2 करोड़ टन सालाना है | तब ऑस्ट्रेलिया ने कहा था कि अब हमारे सामने खुद के गन्ना किसानों और चीनी मिलों के हितों की रक्षा के लिए खड़े होने के अलावा कोई विकल्प नहीं है |




