INDvsENG: जडेजा के “सत्ते” से टीम इंडिया ने वसूला लगान! सीरीज पर 4-0 से कब्जा
चेन्नई में खेले गए 5वें और अंतिम टेस्ट मैच को टीम इंडिया ने जीत लिया है। टीम इंडिया ने इंग्लिश टीम को पारी और 75 रनों से बुरी तरह पराजित कर दिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 5 टेस्ट मैचों की सीरीज पर 4-0 से कब्जा कर लिया है। साथ ही टीम इंडिया ने इंग्लैंड से पिछली दो सीरीज हार का बदला भी ले लिया है।
विराट कोहली मैन ऑफ द सीरीज
सीरीज में बल्ले से दमदार प्रदर्शन करने वाले कप्तान कोहली को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। जबकि चेन्नई टेस्ट में तिहरा शतक लगाने वाले करूण नायर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टीम इंडिया से पहली पारी के आधार पर 284 रनों से पिछड़ रही इंग्लिश टीम के पास 5वें और अंतिम दिन मैच बचाने के अलावा कोई दूसरा चारा नहीं था। हालांकि, इंग्लिश ओपनरों ने शानदार शुरूआत की। कुक (49) और जेनिंग्स (54) ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 103 रन जोड़े। हालांकि, इसके बाद मोईन अली (44) और बेन स्टोक्स (23) ही कुछ संघर्ष कर सके। इंग्लैंड के बाकी के 7 खिलाड़ी तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इंग्लिश बल्लेबाजी की जान जोए रूट भी कुछ खास नहीं कर सके। उन्होंने मात्र 6 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से जडेजा के आगे इंग्लिश बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए और पूरी टीम मात्र 207 रनों पर सिमट गई।
जडेजा ने चटकाए 7 विकेट
सर जडेजा इंग्लैंड की दूसरी पारी पर काल बनकर टूटे। उन्होंने 7 अंग्रेज बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। इतना ही रविंद्र जडेजा ने दो शानदार कैच भी लपके। जडेजा के अलावा ईशांत शर्मा, अमित मिश्रा और उमेश यादव ने 1-1 विकेट लिए। वहीं दुनिया के नंबर एक गेंदबाज अश्विन को कोई विकेट नहीं मिला। कुल मिलाकर जडेजा ने मैच में 10 विकेट लिए।
इससे पहले टीम इंडिया के लिए करूण नायर ने शानदार तिहरा शतक लगाया था। उन्होंने नाबाद 303 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा लोकेश राहुल ने भी 199 रनों की बड़ी पारी खेली थी। जिसके दम पर टीम इंडिया ने 7 विकेट के नुकसाऩ पर 759 रन बनाए थे।
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में 4-0 से हरा दिया। ऐसा पहली बार हुआ है कि टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ एक सीरीज में 4 टेस्ट मैच जीते हों।
