फ्लॉप साबित हुई भारत की बल्लेबाजी
वर्ल्डकप 2019 में शनिवार का टीम इंडिया और अफगानिस्तान का मुकाबला 'शेर और मेमने' की लड़ाई माना जा रहा था लेकिन गुलबदीन नैब की अफगान टीम ने जीवटभरा प्रदर्शन करके विराट कोहली ब्रिगेड की नाक में दम कर दी | साउथम्पटन के रोज बाउल मैदान पर टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरे भारतीय बल्लेबाज पूरे समय रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए | बुरी तरह लड़खड़ाते हुए भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 224 रन ही बना पाई | कप्तान विराट कोहली ने सर्वाधिक 67 रन और केदार जाधव ने 52 रन की पारी खेली लेकिन अन्य बल्लेबाजों ने निराश ही किया | रोहित शर्मा (1) के पांचवें ओवर में आउट होने के बाद केएल राहुल (30) और विजय शंकर (29) ने सेट होने के बाद विकेट गंवाए |

विराट के चौथे विकेट के रूप में आउट होने के बाद एमएस धोनी (28) और केदार जाधव ने बेहद धीमी पारी खेली | हालांकि विकेट पर गेंद रुककर आ रही थी, लेकिन बल्लेबाजों का यह प्रदर्शन वाकई फैंस को निराश करने वाला था |

केदार जाधव ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई | कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह 1-1 रन बनाकर नाबाद रहे | अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 225 रन का टारगेट है | यदि उसके बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया तो टीम इंडिया का मुश्किल में आना तय है |




