रेडमी के किफायती लैपटॉप के अपग्रेड वर्जन में 10वीं पीढ़ी का इंटेल प्रोसेसर
रेडमी 14 के किफायती लैपटॉप के अपग्रेड वर्जन में 10वीं पीढ़ी का इंटेल प्रोसेसर है और इसके तीन वेरिएंट उतारे गए हैं। इसके शुरुआती वेरिएंट में इंटेल कोर आई5 (10210U) सीपीयू के साथ 8 जीबी रैम और 256 जीबी एसएसडी स्टोरेज है। इस मॉडल की कीमत 3,999 चीनी युआन (लगभग 40,000 रुपये) तय की गई है। इंटेल कोर आई5 (10210U) प्रोसेसर के साथ 8 जीबी रैम और 512 जीबी एसएसडी स्टोरेज है और इस मॉडल का दाम 4,499 चीनी युआन ( लगभग 45,000 रुपये) है। रेडमीबुक 14 के नए अवतार के हाई-एंड वेरिएंट में 10वीं पीढ़ी के इंटेल कोर आई7 (10510U) प्रोसेसर के साथ 8 जीबी रैम और 512 जीबी एसएसडी स्टोरेज है। इस मॉडल की कीमत 4,999 चीनी युआन (लगभग 50,000 रुपये) है।

आप लोगों की जानकारी के लिए बता दें कि 10वीं पीढ़ी के इंटेल कोर प्रोसेसर वाले RedmiBook 14 की बिक्री 6 सितंबर से चीन में शुरू होगी। तीनों ही वेरिएंट Nvidia MX250 जीपीयू के साथ ग्राफिक्स प्रोसेसिंग के लिए 2जीबी GDDR5 मेमोरी पर निर्भर हैं। अन्य स्पेसिफिकेशन में 14 इंच का फुल-एचडी (1,920 x 1080 पिक्सल) डिस्प्ले है, इसका व्यूइंग एंगल 178 डिग्री है। लैपटॉप में 46 वॉट की बैटरी है जिसे लेकर दावा किया गया है कि यह केवल 35 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज कर देती है और फुल चार्ज होने पर 10 घंटे तक चलती है। लैपटॉप में दो यूएसबी 3.0 पोर्ट, एक यूएसबी 2.0 पोर्ट, 3.5 मिलीमीटर हेडफोन जैक और एक एचडीएमआई पोर्ट शामिल है। लैपटॉप की लंबाई-चौड़ाई 323 x 228 x 17.95 मिलीमीटर और वज़न लगभग 1.5 किलोग्राम है।

