तानाजी में अजय देवगन के दुश्मन बने सैफ़ अली ख़ान अब B.O पर उनसे फाइट कर रहे
सिनेमाघरों में 'तानाजी- द अनसंग वॉरियर' ने तीन हफ़्तों का सफ़र पूरा कर लिया है और इस दौरान फ़िल्म ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान नई फ़िल्में भी रिलीज़ हुईं, मगर तानाजी अपनी ही रफ़्तार से चलती रही। मराठा योद्धा तानाजी मालुसरे की कहानी को दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया, जिसके चलते फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर बेहतरीन कलेक्शन कर लिया। तानाजी का तीसरा हफ़्ता पूरा हुआ। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक फ़िल्म ने गुरुवार को 2-3 करोड़ के बीच कलेक्शन किया है। बुधवार तक तानाजी का नेट बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 235.10 करोड़ हो गया था। गुरुवार की कमाई मिलाकर फ़िल्म का तीन हफ़्तों का नेट कलेक्शन लगभग 238 करोड़ हो चुका है। तानाजी अजय देवगन के करियर की सबसे सफल फ़िल्म बन चुकी है।
इससे पहले गोलमाल अगेन सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म थी। 200 करोड़ क्लब में भी अजय की दो फ़िल्में हो चुकी हैं। अब इंतज़ार है 250 करोड़ का पड़ाव पार करने का, जिससे तानाजी लगभग 12 करोड़ दूर है। सवाल यह है कि क्या चौथे हफ़्ते में फ़िल्म इस पड़ाव को पार कर लेगी? चौथे वीकेंड में तानाजी के सामने तीन नई फ़िल्मों की चुनौती बढ़ गयी है। ये फ़िल्में हैं- सैफ़ अली ख़ान की जवानी जानेमन, हिमेश रेशमिया की हैप्पी हार्डी एंड हीर और गुल मकई, जो आज (31 जनवरी) को रिलीज़ हो चुकी हैं। इन तीनों में तानाजी का सीधा मुक़ाबला जवानी जानेमन से है। तानाजी में अजय देवगन के दुश्मन बने सैफ़ अली ख़ान अब बॉक्स ऑफ़िस पर उनसे फाइट कर रहे हैं।
10 जनवरी को 3800 से अधिक स्क्रींस पर 2डी और 3डी में देशभर में रिलीज़ हुई तानाजी को 15.10 करोड़ की झन्नाटेदार ओपनिंग मिली थी, जो उम्मीद से भी अधिक थी। पहले शनिवार को फ़िल्म ने 20.57 करोड़ बटोरे और रविवार को 26.26 करोड़ का कलेक्शन किया था। वहीं, वर्किंग वीक में फ़िल्म के कलेक्शंस डबल डिजिट में रहे। सोमवार को फ़िल्म ने 13.75 करोड़, मंगलवार को 15.28 करोड़, बुधवार को 16.72 करोड़ और गुरुवार को 11.23 करोड़ जमा किये थे। तानाजी ने पहले हफ़्ते में 118.91 करोड़ का कलेक्शन किया था।




















