RBI ने 1 जुलाई से पैसा ट्रांसफर करने का शुल्क समाप्त करने की घोषणा की
डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने आरटीजीएस और एनईएफटी चार्ज खत्म कर दिए हैं | RBI ने पैसा ट्रांसफर करने का शुल्क 1 जुलाई से समाप्त करने की घोषणा की है | केंद्रीय बैंक ने बैंकों से कहा है कि वह लाभ उसी दिन से अपने ग्राहकों को दें | आरटीजीएस (RTGS) से बड़ी राशियों को एक खाते से दूसरे खाते में तत्काल ट्रांसफर करने की सुविधा है | इसी तरह एनईएफटी के जरिये दो लाख रुपये तक की राशि तत्काल ट्रांसफर की जा सकती है | देश का सबसे बड़ा भारतीय स्टेट बैंक एनईएफटी के जरिये मनी ट्रांसफर के लिए 1 रुपये से 5 रुपये का चार्ज लेते हैं | वहीं आरटीजीएस के जरिए पैसा ट्रांसफर करने के लिए वह 5 से 50 रुपये का चार्ज लेते हैं |

भारतीय रिजर्व बैंक ने आरटीजीएस और एनईएफटी प्रणाली के जरिये उसके द्वारा सदस्य बैंकों पर लगाए जाने वाले विभिन्न शुल्कों की समीक्षा की है | केंद्रीय बैंक ने कहा कि बैंकों को सलाह दी जाती है कि वे आरटीजीएस और एनईएफटी प्रणाली से लेनदेन पर शुल्क समाप्त किए जाने का लाभ अपने ग्राहकों को स्थानांतरित करें | रिजर्व बैंक आरटीजीएस और एनईएफटी के जरिये धन स्थानांतरण पर न्यूनतम शुल्क लगाता है, जबकि बैंक अपने ग्राहकों से काफी अधिक शुल्क वसूलते हैं | RBI ने कहा है कि एटीएम का इस्तेमाल बढ़ रहा है | एटीएम चार्जेज और फी में बदलाव की मांग लगातार की जा रही है | इसलिए एक समिति बनाने का फैसला लिया गया है, जो सभी हितधारकों से विचार विमर्श करते हुए एटीएम शुल्क के हर पहलू पर विचार करेगी | यह समिति पहली बैठक के दो महीने के भीतर अपनी सिफारिशें सौंपेगी |



