आज से खरीद सकेंगे IRCTC के शेयर, कमाई का है मौका
इस नवरात्र में इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) निवेशकों के लिए अच्छा मौका लेकर आया है। असल में IRCTC का 1000 करोड़ का इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) 30 सितंबर यानी आज खुल गया है, जिसका लंबे समय ये इंतजार था। IRCTC की आईपीओ के जरिए 635.04-645.12 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। सरकार IPO में बिक्री पेशकश के जरिये 10 रुपये अंकित मूल्य के 2 करोड़ शेयर बिक्री के लिए पेश करेगी। इस साल प्राइमरी मार्केट का रिस्पांस बेहतर रहा है। वहीं, ब्रोकरेज हाउस भी कंपनी की वित्तीय स्थिति और आगे बिजनेस के बेहतर मौके को देखते हुए आईपीओ में निवेश की सलाह दे रहे हैं। अगर आप भी आईपीओ में पैसा लगाना चाह रहे हैं तो ये बातें जानना जरूरी है।
IRCTC के आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 315-320 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह आईपीओ 30 सिंतबर को खुल गया है, जो 3 अक्टूबर को बंद हो जाएगा. IRCTC रेलवे को कैटरिंग सर्विसेज, ऑनलाइन रेल टिक बुक कराने की सुविधा और देश के स्टेशनों और ट्रेनों में पेयजल उपलब्ध कराती है।
कंपनी का फाइनेंशियल
फाइनेंशियल की बात करें तो वित्त वर्ष 2017, 2018 और 2019 में कंपनी का रेवेन्यू 1,535.38 करोड़, 1,470.46 करोड़ और 1,867.88 करोड़ रुपये रहा है। इस दौरान आपरेटिंग प्रॉफिट 312.54 करोड़, 273.1 करोड़ और 372.17 करोड़ रुपये रहा है। जबकि आपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 20 फीसदी, 19 फीसदी और 20 फीसदी रहा है। वित्त वर्ष 2017, 2018 और 2019 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 229.08 करोड़, 220.61 करोड़ और 272.59 करोड़ रुपये रहा है।
ब्रोकरेज हाउस ICICI सिक्युरिटीज(ICICI Securities) के अनुसार रेलवे टिकटों पर सुविधा शुल्क को शामिल करना, अगले 2 साल में 10 वाटर प्लांट(Water plant) की स्थापना और हाल ही में कॉरपोरेट टैक्स में कटौती से अर्निंग प्रति शेयर में बेहतर ग्रोथ की उम्मीद है। हेल्दी डेविडेंड के भुगतान (FY19 में 45 फीसदी) और RoE (26.1 फीसदी) को देखते हुए ब्रोकरेज ने तय प्राइस बैंड पर आईपीओ में निवेश की सलाह दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि आईपीओ का प्राइस बैंड 315-320 रुपये है जो आकर्षक दिख रहा है।


