बुधवार को भारतीय शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ
अमेरिका और चीन के बीच बढ़ रहे तनाव के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुए | सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स 247 अंक टूटकर 39 हजार 502 के स्तर पर जबकि निफ्टी 68 अंक की गिरावट के साथ 11 हजार 861 अंक पर बंद हुआ | बाजार में बिकवाली और रुपये की कमजोरी का भी प्रभाव रहा | कारोबार के अंत में एसबीआई के शेयर 3 फीसदी से अधिक टूट कर बंद हुए | इसी तरह टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, मारुति, ओएनजीसी और बजाज ऑटो के शेयर भी 2 फीसदी से अधिक गिरावट के साथ बंद हुए | इसके अलावा वेदांता, एयरटेल, एनटीपीसी, एलएंडटी के शेयर 1 फीसदी से अधिक लुढ़क गए |
वहीं अगर बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की बात करें तो सनफार्मा में 2 फीसदी से अधिक तेजी रही | इसी तरह टीसीएस के शेयर और एचसीएल के शेयर 1 फीसदी से अधिक बढ़त के साथ बंद हुए | पावरग्रिड और एचयूएल के शेयर भी हरे निशान पर रहे | बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 15 पैसे टूटकर 69.84 रुपये प्रति डॉलर पर रहा | इससे पहले रुपया मंगलवार को 69.69 रुपये प्रति डॉलर पर था | कारोबारियों ने कहा कि अन्य प्रमुख विदेशी मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती से भी रुपये पर दबाव रहा | इसके अलावा घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली तथा विदेशी निवेशकों की निकासी से भी रुपया कमजोर हुआ |






