भारतीय रेलवे: अगर वेंडर आपको बिल नहीं देता तो वह सामान पूरी तरह फ्री होगा
रेलवे ने स्टेशनों और ट्रेनों में 'नो बिल, नो पेमेंट' की नीति को गुरुवार (18 जुलाई) से लागू कर दिया है | नए नियम के मुताबिक यदि आपको वेंडर बिल नहीं देता तो आपको इसके लिए भुगतान करने की जरूरत नहीं है | रेल मंत्री ने गुरुवार को ट्वीट कर बताया कि रेलवे ने No Bill, No Payment का नियम लागू करते हुए वेंडर द्वारा ग्राहकों को बिल देना जरूरी कर दिया है | यदि वेंडर बिल देने से इनकार करता है तो आपको उसे पैसे देने की जरूरत नहीं है | साथ ही रेल मंत्री ने एक ट्विट के साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया है, इसमें ग्राहकों को नए नियम की जानकारी दी गई है |
दरअसल रेलवे की तरफ से इस नियम को लागू करने का मकसद यह है कि पिछले दिनों स्टेशन परिसर और ट्रेनों में वेंडरों के मनमानी की शिकायतें आती रही हैं | यात्रियों की शिकायत रहती है कि वेंडर किसी भी चीज को तय कीमत से ज्यादा पर बेचते हैं | ऐसे में कई बार यात्रियों और वेंडर के बीच झगड़ा भी हो जाता है | इस तरह की किसी भी समस्या से राहत के लिए रेलवे ने नो बिल, नो पेमेंट नीति को लागू किया है | रेल मंत्री ने पिछले दिनों सदन में भी बताया था कि तीन साल के दौरान सोशल मीडिया के जरिये रेलवे मिनिस्ट्री को 7 लाख से ज्यादा शिकायतें मिली हैं |
रेलवे द्वारा No Bill, No Payment की नीति अपनाते हुए विक्रेताओं द्वारा ग्राहकों को बिल देना अनिवार्य किया गया है।
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) July 18, 2019
ट्रेन अथवा रेलवे प्लेटफार्म पर यदि कोई विक्रेता आपको बिल देने से इंकार करता है तो आप को उसे पैसे देने की आवश्यकता नही है। pic.twitter.com/qxcnnjtemb



