ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने एक नई पहल ‘समर्थ’ लॉन्च की
ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने एक नई पहल ‘समर्थ’ लॉन्च की है | छोटे कारोबारियों को बिज़नेस शुरू करने का मौका देने के लिए फ्लिपकार्ट ने ये पहल शुरू की है | इसके जरिए कंपनी का मकसद भारतीय कारीगरों, बुनकरों और हैंडीक्राफ्ट बनाने वालों को अपने प्लेटफॉर्म पर लाना है ताकि वे अपने प्रॉडक्ट्स की बिक्री कर सकें | कारीगरों की मदद करने के लिए फ्लिपकार्ट ने 5 एनजीओ के साथ साझेदारी की है | फ्लिपकार्ट ग्रुप के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति के मुताबिक, ‘समर्थ’ कारीगरों की ऑनलाइन मार्केटप्लेस से जुड़ने से लेकर बिक्री सुचारू रूप से होने लगने तक में मदद करेगा | ये छोटे बिजनेस भारतीय इकोनॉमी का आधार हैं |
हम परंपरागत रूप से सुविधाओं की कम पहुंच वाले इस समुदाय को एक अखिल भारतीय बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें 15 करोड़ से ज्यादा कस्टमर्स से जुड़ने में मदद कर रहे हैं | समर्थ के पहले चरण में फ्लिपकार्ट एनजीओ के साथ साझेदारी के जरिए 35000 कारीगरों को एक्सेस उपलब्ध कराएगी | वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का कहना है कि सरकार ने MSME सेक्टर को सहयोग देने और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठाए हैं | कुछ अनुमानों के मुताबिक, ई-कॉमर्स में अगले कुछ सालों में 10 लाख से ज्यादा जॉब क्रिएट करने की क्षमता है | यह सेगमेंट लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग जैसी इंडस्ट्रीज में भी रोजगार बढ़ा सकता है |


