AK-47 और हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद फरार चल रहे बिहार के बाहुबली विधायक अनन्त सिंह
AK-47 और हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद फरार चल रहे बिहार के बाहुबली विधायक अनन्त सिंह एक के बाद एक वीडियो जारी कर के खुद को निर्दोष बता रहे हैं | नये वीडियो में अनन्त सिंह ने बिहार सरकार और बाढ़ की ASP लिपि सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं | अनन्त सिंह का आरोप है कि उन्हें और उनके परिवार और समर्थकों को पुलिस बेवजह परेशान कर रही है | अनंत ने कहा कि बिहार सरकार लिपि सिंह को क्लीन चिट देने में लगी है जबकि एक अधिकारी जान बूझकर झूठे केस में हमें फंसाना चाहती है | अनन्त सिंह ने कहा कि पुलिस ने मेरे फ्लैट पर की गई छापेमारी के दौरान लोगों को जबरिया पीटा और साथ ले गए | पुलिस ने पटना स्थित मेरे फ्लैट से रिश्तेदार छोटन सिंह को उठा लिया और अपराधी बताया गया | जिस केस में छोटन, भूषण सिंह और चूहा का नाम था वो खत्म हो गया है | अनंत सिंह का आरोप है कि पुलिस ने खुद उस केस को बंद किया था तो अब उसी केस में फिर से पुलिस छोटन को आरोपी कैसे बताया है |
अनंत सिंह का कहना है कि पुलिस ने उसी केस में अपनी जांच में मुझे निर्दोष बताया | मालूम हो कि पटना पुलिस ने शनिवार की रात करीब साढ़े बारह बजे विधायक के पटना स्थित सरकारी आवास पर छापेमारी की थी | दरअसल 16 अगस्त को अनंत सिंह के पैृतक आवास पर छापेमारी कर पुलिस ने एके-47, दो हैंड ग्रेनेड औऱ कई कारतूस जब्त किया और UAPA ACT में केस दर्ज किया था | पुलिस ने पैतृक आवास पर छापेमारी के दूसरे दिन अनंत सिंह को पकड़ना मुनासिब समझा और इसके तहत आधी रात को दबिश दी लेकिन पुलिस के हाथ कुछ लग नहीं सका | पुलिस ने चप्पे चप्पे की तलाशी ली लेकिन विधायक अनंत सिंह नहीं मिले | रेड के दौरान विधायक की पत्नी घर में मौजूद थीं जिनसे पुलिस ने घंटो पूछताछ की |











